इटावा में महिला से लूट का आरोपी मुठभेड़ में घायल, कई जिलों में 30 से अधिक मुकदमे दर्ज
इटावा, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। यूपी के इटावा जिले के भरथना-बिधूना मार्ग पर पड़ियापुरा गांव के पास महिला से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। शुक्रवार रात 10 बजे चेकिंग के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनुज शाक्य ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर सीएचसी भरथना में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट के 700 रुपये, तमंचा, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने महिला से लूट की घटना में शामिल आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ इटावा, मैनपुरी, फतेहगढ़ औरैया समेत कई जिलों में 30 से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को उपनिरीक्षक नितिन कुमार और उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार पुलिस टीम के साथ झिन्दुआ पुल से गंगौरा की ओर जाने वाले रास्ते के आगे भरथना रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान इटावा की तरफ से काले रंग की बाइक आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया तो आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने कहा कि इसके बाद टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बाइक सवार के बाएं पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे पकड़ लिया गया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुज शाक्य निवासी रामपुरा शमशेरगंज, थाना किशनी, मैनपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, तीन कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा, काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल और महिला से लूट की घटना से संबंधित 700 रुपये भी बरामद किए गए हैं।
महिला से लूट के मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, मामले में धारा 109(1) और 317(2) भारतीय न्याय संहिता तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25/27 के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम पर फायरिंग और मुठभेड़ के संबंध में अलग से अभियोग दर्ज किए जाने की बात कही गई है।
एसपी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अलग-अलग जनपदों में 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उपलब्ध आपराधिक रिकॉर्ड में लूट, चोरी, जानलेवा हमला, अवैध हथियार रखने और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। इटावा के ऊसराहार थाने में वर्ष 2023 में उसके खिलाफ लूट, जानलेवा हमले, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मुकदमे दर्ज होने का भी उल्लेख है।
इसके अलावा फतेहगढ़ के जहानगंज, मऊदरवाजा, मोहम्मदाबाद और नवाबगंज थानों में भी उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। मैनपुरी के किशनी, करहल, दन्नाहार, कुर्रा, बिछवां और कोतवाली थानों में भी लूट, चोरी, जानलेवा हमले और हथियारों से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है। कन्नौज के छिबरामऊ और औरैया के ऐरवाकटरा थाने के रिकॉर्ड में भी आरोपी के खिलाफ मुकदमों का उल्लेख है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के आपराधिक इतिहास का विवरण संबंधित थानों के अभिलेखों के आधार पर संकलित किया गया है। महिला से हुई लूट की घटना में उसकी भूमिका, बरामद सामान और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम
