महिला आरक्षण बिल को लेकर महिलाओं में उत्साह, इसे राष्ट्रीय प्राथमिकता बताया
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्र सरकार द्वारा महिला आरक्षण बिल लाने की तैयारी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। दिल्ली में रविवार को हुए 'नारी शक्ति वंदन' कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने इस बिल की सराहना की और इसे देश की आधी आबादी के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
नारी सामर्थ्य फाउंडेशन की प्रवक्ता रोजी धवन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "महिला आरक्षण अधिनियम किसी एक पार्टी का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह एक राष्ट्रीय प्राथमिकता है। हर नागरिक को इसका समर्थन करना चाहिए। यह समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो राजनीतिक सशक्तिकरण को नई ऊंचाई देगा। जब हम किसी महिला को शिक्षित या सशक्त करते हैं तो पूरी पीढ़ी को शिक्षित करते हैं। राजनीति में जितनी ज्यादा महिलाएं आएंगी, समाज उतना ही बेहतर बनेगा। जहां भी कोई महिला किसी पद पर होती है, वहां सकारात्मक बदलाव नजर आता है।"
राजस्थान भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष शानू यादव ने कहा, "नारी वंदन अधिनियम जल्द लागू होने जा रहा है, जिसके तहत संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। मैं शीर्ष नेतृत्व का तहे दिल से आभार व्यक्त करती हूं।"
भाजपा सांसद मंजू शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा, "यह विधेयक 2023 में राज्यसभा में सर्वसम्मति से पारित हो चुका है। लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का समर्थन हर कोई करता है। यह महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।"
तमिलनाडु महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष हजीना सैयद ने अपने पुराने विचारों को बदलते हुए कहा, "पहले मैं भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करती थी और 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर पदयात्रा भी निकाली थी। मैं सोचती थी कि भाजपा महिलाओं का समर्थन नहीं करती, लेकिन अब मैं अपने शब्द वापस लेना चाहती हूं। जमीनी हकीकत देखकर पता चलता है कि भाजपा महिलाओं को आगे बढ़ा रही है। तमिलनाडु में भाजपा को मिली 27 सीटों में से 5 सीटें उन्होंने महिलाओं को दी हैं। यह महिलाओं को सशक्त बनाने का सच्चा उदाहरण है।"
दिल्ली में आयोजित "नारी शक्ति वंदन" कार्यक्रम में शामिल महिलाओं में उत्साह देखा गया। एक महिला प्रतिभागी ने कहा, "हम बहुत खुश हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तहे दिल से शुक्रिया। हर क्षेत्र में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के ढेरों अवसर मिलेंगे।"
एक अन्य महिला ने कहा, "नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। भाजपा ने इसे आगे बढ़ाया है। लोकसभा और राज्यसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।"
कार्यक्रम में मौजूद एक अन्य प्रतिभागी ने कहा, "आज सभी महिलाओं के चेहरों पर खुशी साफ दिख रही है। वे बेहद सशक्त और उत्साहित महसूस कर रही हैं, क्योंकि उन्हें अब हर क्षेत्र में उनके अधिकार मिल रहे हैं।"
महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि महिला आरक्षण बिल न केवल राजनीति, बल्कि पूरे समाज को मजबूत बनाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि बिल जल्द से जल्द लागू हो और महिलाएं देश की मुख्यधारा में और अधिक सक्रिय भूमिका निभा सकें।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
