महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन कर संविधान में बदलाव करना चाहती है सरकार: कांग्रेस
नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन कर संविधान के मूल ढांचे में बदलाव करना चाहती है। पार्टी ने दो टूक कहा कि वह इसके खिलाफ विभिन्न दलों के साथ मिलकर मजबूती से लड़ाई लड़ेगी।
यह बात लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने आगामी संसद सत्र को लेकर पार्टी की महत्त्वपूर्ण बैठक के बाद पत्रकारों से कही। बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी, संचार विभाग के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश सहित कई वरिष्ठ सांसद शामिल हुए।
गोगोई ने कहा कि इसी मुद्दे पर शनिवार को मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में अन्य राजनीतिक दलों के साथ संयुक्त बैठक भी होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा के साथ खड़े राजनीतिक दल भी परिसीमन के मुद्दे पर सरकार की मंशा और इसके प्रभावों पर गंभीरता से विचार करेंगे।
गोगोई ने कहा कि परिसीमन को लेकर कांग्रेस का रुख पहले से स्पष्ट है। पार्टी की तीन प्रमुख मांगें हैं। पहली, लोकसभा की वर्तमान सीटों की संख्या बरकरार रखी जाए। दूसरी, मौजूदा सीटों की संख्या के आधार पर ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए। तीसरी, अगले 25 साल तक लोकसभा में राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा बंटवारा बरकरार रखा जाए।
गोगोई ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा 2024 के लोकसभा चुनावों में 400 पार सीटें जीतकर संविधान के मूल ढांचे में जो बदलाव करना चाहती थी, उसमें सफल नहीं हो पाई। अब परिसीमन के माध्यम से उसी उद्देश्य को पूरा करने की यह दूसरी कोशिश है।
गोगोई ने परिसीमन के संभावित प्रभावों को समझाते हुए कहा कि पहले एसआईआर और मतदाता सूची में हेरफेर के जरिए यह तय करने की कोशिश की गई कि कौन वोट दे सकता है और कौन नहीं। अब परिसीमन के जरिए यह तय करने की कोशिश होगी कि कोई व्यक्ति कहां वोट देगा और कहां नहीं।
उन्होंने आगे कहा कि परिसीमन आयोग में चुनाव आयोग का एक सदस्य भी होता है। पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव आयोग को अपनी कठपुतली बना रखा है। ऐसे में क्या यह अपेक्षा की जा सकती है कि आयोग परिसीमन के जरिए न्याय करेगा? उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो दल लोगों का वोट का अधिकार छीन रहा है और मतदाता सूची में हेरफेर कर रहा है, क्या वह देश का भला सोच रहा है? उन्होंने यह भी कहा कि सरकार एक ही दिन में 140 से ज्यादा विपक्षी सांसदों को निलंबित करती है और मुख्य चुनाव आयुक्त को कानूनी कार्रवाई से संरक्षण देने वाले प्रावधान लाती है। ऐसे में क्या वह सदन को सुचारू रूप से चलाने की मंशा रखती है?
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
