Aapka Rajasthan

महिला आरक्षण के बहाने 25 साल तक सत्ता में बने रहने के लिए परिसीमन बिल ला रही भाजपा: सौरभ भारद्वाज

नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने महिला आरक्षण बिल की आड़ में परिसीमन कराने की भाजपा की मंशा पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा परिसीमन के जरिए अगले 25 वर्षों तक सत्ता में बने रहने की रणनीति तैयार कर रही है।
 

नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने महिला आरक्षण बिल की आड़ में परिसीमन कराने की भाजपा की मंशा पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा परिसीमन के जरिए अगले 25 वर्षों तक सत्ता में बने रहने की रणनीति तैयार कर रही है।

उनके मुताबिक, यदि परिसीमन की प्रक्रिया में भाजपा को मनमानी करने का मौका मिला तो निर्वाचन क्षेत्रों का गठन इस तरह किया जा सकता है कि अधिकांश मतदाता उसके विरोध में होने के बावजूद चुनाव में भाजपा को ही जीत मिले और वह बार-बार केंद्र व राज्यों में सरकार बनाती रहे।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण बिल को आगे करके परिसीमन बिल पास कराना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन का असली उद्देश्य चुनावी क्षेत्रों का ऐसा पुनर्गठन करना है, जिससे भाजपा को राजनीतिक फायदा मिलता रहे। उन्होंने कहा कि यदि किसी राज्य में भाजपा को केवल 40 प्रतिशत क्षेत्रों में समर्थन हासिल है और 60 प्रतिशत क्षेत्र विपक्षी दलों के प्रभाव में हैं, तो निष्पक्ष परिसीमन और चुनाव के बाद विपक्ष को अधिक सीटें मिलनी चाहिए। लेकिन परिसीमन में हेरफेर करके इस चुनावी गणित को पूरी तरह बदला जा सकता है।

सौरभ भारद्वाज ने परिसीमन की प्रक्रिया को उदाहरण के जरिए समझाते हुए कहा कि मान लीजिए किसी राज्य में 20 ऐसे क्षेत्र हैं, जहां भाजपा के समर्थक अधिक हैं, जबकि 30 क्षेत्रों में विपक्षी दलों का प्रभाव है। इस स्थिति में भाजपा का समर्थन 40 प्रतिशत और विपक्ष का समर्थन 60 प्रतिशत माना जाएगा। सामान्य परिस्थितियों में विपक्ष को 60 प्रतिशत सीटें और भाजपा को 40 प्रतिशत सीटें मिलनी चाहिए। इससे राज्य में विपक्षी दल की सरकार बनने की संभावना होगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि भाजपा को निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन की खुली छूट मिलती है तो वह अपने हिसाब से विधानसभा और लोकसभा सीटों की सीमाएं तय कर सकती है। इसके लिए भाजपा के मजबूत जनाधार वाले चार क्षेत्रों को एक निर्वाचन क्षेत्र में शामिल किया जा सकता है, जबकि विपक्ष के मजबूत जनाधार वाले केवल दो क्षेत्रों को उसी निर्वाचन क्षेत्र में जोड़ा जा सकता है। इस तरह भाजपा समर्थित उम्मीदवार के जीतने की संभावना बढ़ जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष के प्रभाव वाले कई क्षेत्रों को मिलाकर एक बड़ा निर्वाचन क्षेत्र बनाया जा सकता है। इससे विपक्ष को कम सीटें मिलेंगी, जबकि भाजपा अपने समर्थन वाले इलाकों को अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में बांटकर ज्यादा सीटें हासिल कर सकती है।

सौरभ भारद्वाज के अनुसार, इस तरह चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव करके भाजपा पांच सीटें जीत सकती है, जबकि विपक्ष को केवल दो सीटों से संतोष करना पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी स्थिति में जनता की नाराजगी और विपक्ष के विरोध के बावजूद भाजपा सत्ता में बनी रह सकती है।

भारद्वाज ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा वास्तव में महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना चाहते हैं तो उन्हें केवल 33 प्रतिशत आरक्षण तक सीमित नहीं रहना चाहिए। देश की आधी आबादी महिलाओं की है, इसलिए महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए।

उन्होंने सवाल उठाया कि महिलाओं को केवल सांसद और विधायक बनाने तक ही क्यों सीमित रखा जा रहा है? यदि सरकार वास्तव में महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका में देखना चाहती है तो प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्रियों के पदों पर भी महिलाओं की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में बराबर का अधिकार मिलना चाहिए, न कि केवल प्रतीकात्मक प्रतिनिधित्व दिया जाए। आप प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में 22 राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। ऐसे में भाजपा को कम से कम 11 राज्यों में महिला मुख्यमंत्री बनानी चाहिए। यदि भाजपा महिलाओं के सशक्तीकरण को लेकर गंभीर है तो उसे सत्ता के शीर्ष पदों पर भी महिलाओं को बराबर अवसर देना चाहिए।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी महिलाओं और पुरुषों को समान प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। एक बार महिला मुख्यमंत्री और एक बार पुरुष मुख्यमंत्री तथा इसी तरह प्रधानमंत्री के पद पर भी महिलाओं और पुरुषों को बारी-बारी से मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भाजपा से महिलाओं को केवल प्रतीकात्मक प्रतिनिधित्व देने के बजाय वास्तविक राजनीतिक अधिकार देने की मांग उठाएं।

उन्होंने कहा कि भाजपा को महिला आरक्षण के नाम पर टोकनिज्म नहीं करना चाहिए। यदि सरकार वास्तव में महिलाओं की चिंता करती है तो उसे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री पदों पर भी 50 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में कदम उठाने चाहिए।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच