Aapka Rajasthan

महिला आरक्षण बिल गिराकर विपक्ष ने 'जघन्य पाप' किया, 25 अप्रैल से झारखंड में आंदोलनः आदित्य साहू

हजारीबाग, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) के संसद में गिरने के लिए कांग्रेस और विपक्षी दलों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने इसे देश की महिलाओं के खिलाफ एक 'जघन्य अपराध' और 'राजनैतिक पाप' करार दिया और 25 अप्रैल से पूरे झारखंड में आंदोलन की चेतावनी दी।
 
साहू ने कहा कि हर अच्छे काम का विरोध करना और षड्यंत्र रचना कांग्रेस का पुराना इतिहास रहा है और इस बार उन्होंने आधी आबादी के हक को मारकर अपना असली चरित्र उजागर कर दिया है।

हजारीबाग में सोमवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया था, लेकिन विपक्ष की संकीर्ण मानसिकता की वजह से यह बिल राजनीति की भेंट चढ़ गया।

उन्होंने ऐलान किया कि इस अपमान के खिलाफ भाजपा चुप नहीं बैठेगी। आगामी 25 अप्रैल को राजधानी रांची के मोराबादी मैदान से एक विशाल आक्रोश पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 25 से 30 अप्रैल तक राज्य के सभी 595 मंडलों में पदयात्रा कर कांग्रेस और विपक्ष का पुतला दहन किया जाएगा।

आदित्य साहू ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भी हेमंत सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि झारखंड में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और पिछले कुछ वर्षों में दुष्कर्म की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं।

उन्होंने विष्णुगढ़ में बच्ची की हत्या और रांची की मेडिकल छात्रा के साथ हुई वारदात का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है।

प्रेस वार्ता में मौजूद कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए नारी शक्ति सिर्फ सोनिया गांधी से शुरू होकर प्रियंका गांधी पर खत्म हो जाती है। उन्हें देश की आम महिलाओं और उनकी हिस्सेदारी से कोई सरोकार नहीं है।

उन्होंने विपक्षी दलों द्वारा बिल गिरने पर जश्न मनाए जाने को शर्मनाक बताया और सभी महिलाओं से अपील की कि वे इस 'हकमारी' के लिए विपक्ष को चुनाव में कड़ा सबक सिखाएं।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएसएच