Aapka Rajasthan

छत्तीसगढ़ : महासमुंद पुलिस ने करोड़ों के अवैध मादक पदार्थों को किया नष्ट

महासमुंद, 29 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में जप्त किए गए मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण किया।
 
छत्तीसगढ़ : महासमुंद पुलिस ने करोड़ों के अवैध मादक पदार्थों को किया नष्ट

महासमुंद, 29 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में जप्त किए गए मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण किया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना और चौकियों में दर्ज कुल 35 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इनमें 720 ग्राम ब्राउन शुगर, 7 ग्राम हेरोइन, 2576 नग सिरप, 11,367 कैप्सूल, 62,449 टैबलेट तथा 4,123 इंजेक्शन (एम्पुल) शामिल हैं। इन सभी अवैध पदार्थों का नष्टीकरण 28 मार्च 2026 को सिलतरा स्थित बायोमेडिकल वेस्ट प्लांट, एसएमएस रायपुर में किया गया।

यह कार्यवाही शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में की गई। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 59 लाख 84 हजार 520 रुपए बताई गई है।

इस दौरान जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक महासमुंद, सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा जिला आबकारी अधिकारी की उपस्थिति में पहले सभी जब्त पदार्थों का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसके बाद नियमानुसार उन्हें नष्ट किया गया। पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए संपन्न कराई गई।

प्रकरणों की बात करें तो थाना सिंघोड़ा के 1, सरायपाली के 4, बलौदा के 2, पटेवा के 1, तुमगांव के 1, महासमुंद के 13, बागबाहरा के 1, कोमाखान के 2 तथा बसना के 10 प्रकरण शामिल हैं। ये मामले विभिन्न वर्षों से संबंधित हैं, जिनमें वर्ष 2017 का 1, 2020 के 2, 2021 के 3, 2022 के 7, 2023 के 8, 2024 के 3 और वर्ष 2025 के 11 प्रकरण शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस प्रकार की कार्यवाही से न केवल नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगेगा, बल्कि समाज में इसके दुष्प्रभावों को भी कम किया जा सकेगा। महासमुंद पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

--आईएएनएस

एसएके/एएस