महासमुंद मर्डर केस में बड़ा खुलासा, हिरासत में युवती की हत्या का आरोपी नाबालिग
रायपुर, 26 जून (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में 22 जून को खल्लारी थाना क्षेत्र के रामखेड़ा झारा के टेड़ी नाला के पास रेत में दबी मिली युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग युवक को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले को लेकर महासमुंद की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रतिभा पांडेय ने बताया कि 22 जून को खल्लारी पुलिस को ग्रामीणों से जानकारी मिली थी कि रामखेड़ा झारा टेड़ी नाला के पास एक युवती की रेत में दबी लाश है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो शव के पास में ही एक पर्स और चप्पल के साथ बाल के गुच्छे बरामद किए। वहीं, शव आधी रेत में दबा हुआ था और सिर पर चोट के निशान थे।
पुलिस की फोरेंसिक टीम ने घटना की सूक्ष्मता से जांच शुरू की। जांच से पता चला कि युवती की मौत सिर पर भारी चीज से चोट लगने और बहुत ज्यादा खून बहने के कारण हुई थी। मृतक युवती की पहचान झारा निवासी भारती टंडन के रूप में हुई।
जांच में पता चला कि युवती की साथ में ही पढ़ने वाले एक नाबालिग से दोस्ती थी। युवती नाबालिग से शादी करना चाहती थी। इसी मुद्दे को लेकर नाबालिग और युवती में अनबन हुई थी।
घटना वाले दिन नाबालिग ने युवती को मिलने के लिए मोबाइल कॉल करके बुलाया और गिफ्ट देने के लिए आंख बंद करने को कहा। जब युवती ने आंख बंद की तो नाबालिग ने पत्थर से युवती के सिर पर वार कर दिया, जिससे युवती की मौत हो गई। उसके बाद नाबालिग ने युवती के शव को उसी जगह रेत में दबा दिया और पर्स व चप्पल को वही आसपास फेंक दिया। इसी के साथ पत्थर को धोकर छुपा दिया।
इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग की निशानदेही पर पत्थर आदि सामान जब्त कर लिए हैं। इसी के साथ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
