Aapka Rajasthan

महासमुंद : कर्मचारी की मौत पर परिजनों का प्रदर्शन, फैक्ट्री प्रबंधन पर उठे सवाल

रायपुर, 24 जून (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के ग्राम मुढेना में स्थित शिवालिक इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज लिमिटेड में कार्यरत कर्मचारी रमेश जांगडे़ की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को फैक्ट्री के सामने रखकर धरना-प्रदर्शन किया।
 
महासमुंद : कर्मचारी की मौत पर परिजनों का प्रदर्शन, फैक्ट्री प्रबंधन पर उठे सवाल

रायपुर, 24 जून (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के ग्राम मुढेना में स्थित शिवालिक इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज लिमिटेड में कार्यरत कर्मचारी रमेश जांगडे़ की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को फैक्ट्री के सामने रखकर धरना-प्रदर्शन किया।

मामले को लेकर मृतक के भाई राम नारायण जांगडे़ ने बताया कि 22 मार्च को मृतक रमेश जांगडे के आंख में रात की ड्यूटी के दौरान लोहे का टुकड़ा पड़ जाने से सूजन आ गया था। उन्हें फैक्ट्री प्रबंधन ने इलाज के लिए राम कृष्ण केयर हास्पिटल भेजा। कुछ दिन बाद रमेश के आंख में इन्फेक्शन फैल गया और वह पैरालाइज हो गया। वहीं, इलाज के दौरान 22 जून को रमेश जांगडे की मौत हो गई।

परिजन ने बताया कि रमेश अपने घर में इकलौता कमाने वाला था। मृतक के पास पत्नी सहित चार बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी थी। परिजन फैक्ट्री संचालक से क्षतिपूर्ति की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में मृतक के परिजन व ग्रामीण रमेश के शव को फैक्ट्री के सामने रखकर धरने पर बैठ गए।

माहौल बिगड़ता देख प्रशासन ने मौके पर पुलिस बल और तहसीलदार को भेजा। आला अधिकारी, फैक्ट्री संचालक व मृतक के परिजन ने आपसी समझौते को लेकर बातचीत की, जहां परिजनों का कहना है कि मृतक परिवार में इकलौता कमाने वाला था। अब इनका गुजर-बसर कैसे होगा, इसलिए क्षतिपूर्ति की मांग को लेकर शव रखकर बैठे हैं।

वहीं, तहसीलदार जुगल किशोर पटेल का कहना है कि प्रबंधन व मृतक के परिजनों के बीच समझौता हो गया है। प्रबंधन मृतक की सैलरी उनकी पत्नी को आजीवन देंगे और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की जिम्मेदारी उठाने के लिए भी राजी है। इसके बाद परिजन शव को लेकर अपने गांव जा चुके हैं, जहां विधिवत उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, अगर मृतक की पत्नी की किसी कारणवश मृत्यु हो जाती है, तो उनके बच्चों को 24 वर्ष की आयु तक प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के नियमों का ध्यान नहीं रखा गया, इसलिए यह घटना हुई है। इसी के संदर्भ में डिपार्टमेंट को औपचारिक रूप से अवगत करवा दिया गया है। वहीं, सुरक्षा को लेकर टीम विधिवत जांच करेगी।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम