महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव को लेकर एनसीपी में कोई भ्रम नहीं: चेतन तुपे
पुणे, 1 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक चेतन तुपे ने महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए पार्टी द्वारा दो उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल किए जाने को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि पार्टी के भीतर किसी प्रकार की भ्रम या चिंता की स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया चुनावी नियमों और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप अपनाई गई है, ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
चेतन तुपे ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं और राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में पूरी एकजुटता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित फॉर्म 'ए' और 'बी' में मुख्य उम्मीदवार और वैकल्पिक उम्मीदवार दोनों का प्रावधान होता है। तुपे ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान यदि किसी उम्मीदवार के नामांकन पत्र में कोई तकनीकी त्रुटि, दस्तावेजी कमी या अन्य कानूनी अड़चन सामने आती है, तो चुनाव प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक उम्मीदवार की व्यवस्था की गई है। इसी कानूनी प्रावधान के तहत पार्टी ने दो नामांकन दाखिल किए हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने विक्रम काकडे को अपना मुख्य उम्मीदवार बनाया है, जबकि सुनील टिंगरे को वैकल्पिक उम्मीदवार के रूप में नामित किया गया है। दोनों नेताओं को पार्टी नेतृत्व द्वारा अधिकृत किया गया है और उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
चेतन तुपे ने इस बात पर जोर दिया कि दो उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल किए जाने को लेकर किसी प्रकार की राजनीतिक अटकलें लगाने की आवश्यकता नहीं है। यह केवल चुनावी प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने और किसी अप्रत्याशित स्थिति से बचने के लिए अपनाई गई एक नियमित और कानूनी व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि एनसीपी पूरी तरह संगठित है और पार्टी नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार चुनावी रणनीति पर कार्य कर रही है। तुपे के अनुसार, पार्टी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नामांकन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या चुनावी परिणामों या उम्मीदवार की वैधता को प्रभावित न कर सके।
--आईएएनएस
पीआईएम/वीसी
