महाराष्ट्र: पुलिस ने चार शातिर महिला चोरों को किया गिरफ्तार, बस में बुजुर्ग से लूटे गए गहने और पैसे किए बरामद
वाशिम, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के वाशिम जिले में एसटी बस में सफर कर रही 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ चोरी की वारदात सामने आई है। चंद्रकला बोडखे के बैग से डेढ़ लाख रुपए के सोने के गहने और 28 हजार रुपए नकद से भरी थैली चोरी कर ली गई। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों शातिर महिला चोरों को पकड़ लिया और चोरी हुआ सामान बुजुर्ग महिला को वापस दिलाया।
मामला मंगरुलपीर से अकोला जा रही एसटी बस का है। सफर के दौरान चार शातिर महिला चोरों ने बस शेलूबाजार पहुचने तक बस में सवार बुजुर्ग यात्री की सोने के गहने और कैश रखी बैग को निशाना बनाया और शेलुबाजार में बस से उतर गईं। इसी दौरान बस में सवार यात्रियों को उन पर शक हुआ।
जब बुजुर्ग चंद्रकला बोडखे ने अपना बैग चेक किया, तो उसमें रखी सोने के गहनों और नकदी की थैली गायब मिली। इसके बाद बुजुर्ग महिला रोते हुए मदद के लिए चिल्लाने लगीं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पता चला कि चारों महिलाएं बस से उतरने के बाद ऑटो में बैठकर निकल गई थीं। पुलिस ने तुरंत उनका पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने महिलाओं के पास से चोरी हुए सोने के गहने और 28 हजार रुपए नकद बरामद किए। इसके बाद बरामद सामान बुजुर्ग महिला को वापस सौंप दिया गया।
इससे पहले, वाशिम जिले के रिसोड में चंदन चोरी के दो मामलों का स्थानीय अपराध शाखा ने खुलासा किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 9 किलो चंदन के 16 टुकड़े बरामद किए।
पुलिस के अनुसार चंदन चोरी की दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज की गई थीं। जांच के दौरान तकनीकी और गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की।
--आईएएनएस
डीसीएच/
