महाराष्ट्र में यूसीसी लागू करने को लेकर मुस्लिम संगठनों का विरोध, करीना कपूर के पेंडेंट पर भी छिड़ा विवाद
नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में जल्द ही समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने को लेकर कवायद तेज हो गई है, हालांकि इसे लेकर मुस्लिम संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। रजा अकादमी के अध्यक्ष मौलाना सईद नूरी ने कहा कि प्रस्तावित यूसीसी शरीयत के खिलाफ है और मुस्लिम पर्सनल लॉ में हस्तक्षेप है, जिसका असर सिर्फ मुसलमानों पर ही नहीं बल्कि पारसी, सिख, ईसाई और बौद्धों पर भी पड़ेगा। वहीं मौलाना सिराज अहमद खान ने इसे धार्मिक मामलों में सीधा हस्तक्षेप बताया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा जल्द ही समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू किए जाने की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए रजा अकादमी के अध्यक्ष मौलाना सईद नूरी ने कहा, "जो यूसीसी लागू किया जा रहा है, अभी तक जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार वह शरीयत-ए-मुतह्हरा के खिलाफ है और मुस्लिम पर्सनल लॉ में हस्तक्षेप है। इसका असर सिर्फ मुसलमानों पर ही नहीं, बल्कि पारसी, सिख, ईसाई, बौद्ध और अन्य धर्मों के लोगों पर भी पड़ेगा।"
फिल्म अभिनेत्री करीना कपूर खान के पेंडेंट को लेकर चल रहे विवाद पर टिप्पणी करते हुए रजा एकेडमी के अध्यक्ष मौलाना सईद नूरी ने कहा कि तावीज को लेकर हुक्म यह है कि कुरान की आयतें या इससे मिलती-जुलती कोई चीज खुले तौर पर नहीं पहननी चाहिए। क्योंकि जब इंसान शौचालय करने जाता है या दूसरी जगहों पर जाता है, तो इससे उनकी बेअदबी होती है।
यूसीसी को लेकर मौलाना सिराज अहमद खान ने कहा कि मामला समान नागरिक संहिता का है। यूसीसी लागू करना मुसलमानों के धार्मिक मामलों में सीधा हस्तक्षेप होगा। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यूसीसी लाने से फायदा क्या है? जिन लोगों की स्वतंत्रता संग्राम में कोई भूमिका नहीं थी, वे आज देश का नेतृत्व कर रहे हैं और उस विचारधारा को थोपने की कोशिश कर रहे हैं, जिसकी वकालत उस समय आरएसएस प्रमुख ने की थी।
उन्होंने कहा कि जब हमारा संविधान हमें अपने-अपने रीति-रिवाजों का पालन करने की स्वतंत्रता और अधिकार देता है, तो सरकार को किसी के भी धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है।"
कांग्रेस नेता द्वारा अभिनेत्री करीना कपूर को कानूनी नोटिस भेजे जाने पर मौलाना ने कहा कि अगर करीना कपूर ने ऐसा किया है, तो यह बिल्कुल गलत है। उन्होंने किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। यह दुखद है कि एक फिल्म अभिनेत्री, जिसका इस्लाम से कोई लेना-देना नहीं है, उसने इस तरह का काम किया है, और यह निंदनीय है। इसका जितना भी विरोध किया जाए, वह कम होगा। हालांकि, उनके पति, जो खुद को मुसलमान बताते हैं, उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनकी पत्नी इस तरह की गतिविधियों में शामिल न हों।
--आईएएनएस
केके/वीसी
