महाराष्ट्र: माता-पिता के सामने 5 वर्ष की मासूम को उठा ले गया तेंदुआ, गन्ने के खेत में मिली लाश
पुणे, 23 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पुणे जिले के शिरूर तालुका के पिंपलसुटी गांव में बुधवार को हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। गन्ना काटने वाले मजदूर दंपति की 5 वर्षीय बेटी भाग्यश्री को तेंदुआ उस समय उठा ले गया, जब वह अपने माता-पिता के साथ घर के पास बने गोठे (पशुशाला) में सो रही थी।
भाग्यश्री अपने माता-पिता के साथ गोठे में सो रही थी। इसी दौरान तेंदुआ वहां पहुंचा और बच्ची को मुंह में दबाकर ले गया। बच्ची के माता-पिता की नींद खुली तो उन्होंने अपनी बेटी को तेंदुए के जबड़े में देखा। दोनों ने शोर मचाया और तेंदुए का पीछा भी किया, लेकिन वह बच्ची को लेकर पास के गन्ने के खेत में भाग गया। कुछ समय बाद बच्ची का शव बरामद हुआ।
आईएएनएस से बातचीत में सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) स्मिता कुलकर्णी ने बताया कि घटना की जानकारी वन विभाग को लगभग 15 मिनट के भीतर मिल गई थी। सूचना मिलते ही रात 3:15 बजे वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम ने तत्काल इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बाद में गन्ने के खेत से बच्ची का शव बरामद किया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्ची का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जुन्नर वन विभाग के उप वन संरक्षक प्रशांत खाडे, सहायक वन संरक्षक राजहंस तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी नीलकंठ गव्हाणे भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए ग्रामीण अस्पताल भेजा गया। शासन के नियमों के तहत पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वन विभाग की ओर से बताया गया कि घटना के बाद पूरे इलाके में तेंदुए की तलाश तेज कर दी गई है। तेंदुए को पकड़ने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। कई स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं, कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं और ड्रोन की मदद से भी निगरानी की जा रही है। साथ ही रात के समय गश्त बढ़ा दी गई है।
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि रात के समय अकेले बाहर न निकलें। छोटे बच्चों को कभी भी अकेला न छोड़ें और यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें। इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक का माहौल है, जबकि इस घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में भय का वातावरण बना हुआ है।
--आईएएनएस
एसडी/वीसी
