महाराष्ट्र : माओवादियों द्वारा छिपाई गई विस्फोटक सामग्री जब्त, गढ़चिरौली पुलिस को मिली बड़ी सफलता
गढ़चिरौली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के माओवाद प्रभावित रहे गढ़चिरौली जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गढ़चिरौली पुलिस ने विशेष सर्च अभियान चलाकर जंगल में जमीन के भीतर छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य माओवादी सामान बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में माओवाद का प्रभाव लगभग समाप्त हो चुका है और अब पुलिस का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में पूरी तरह सुरक्षित वातावरण स्थापित करना है। अतीत में माओवादी सुरक्षा बलों को निशाना बनाने और घात लगाकर हमले करने के लिए विभिन्न प्रकार के हथियारों एवं विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल करते थे। इन सामग्रियों को अंतरराज्यीय सीमावर्ती दुर्गम जंगलों में तैयार कर गुप्त रूप से जमीन में दबाकर रखा जाता था, ताकि नक्सल सप्ताह, चुनाव और अन्य अवसरों पर सुरक्षा बलों पर हमले किए जा सकें।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पोस्टे ग्यारापत्ती क्षेत्र के टव्वे जंगल में माओवादियों ने बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री छिपा रखी है। गोपनीय सूचना के आधार पर 4 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में विशेष अभियान दल और बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) की टीमों को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया।
अभियान के दौरान विशेष अभियान दल और बीडीडीएस की टीमों ने जंगल क्षेत्र की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान जमीन के भीतर छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद की गई, जिसमें विस्फोटक तैयार करने और हमलों में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से 11 कुकर, 100 फुट लंबाई वाले कॉर्टेक्स वायर के तीन बंडल, तीन किलोग्राम गन पाउडर, चार डेटोनेटर, 12 वॉट की एक बैटरी, 250 ग्राम पटाखा बारूद, चार स्टील कंटेनर, आठ वायर बंडल, एक सोलर प्लेट तथा अन्य माओवादी सामग्री बरामद की है।
पुलिस का मानना है कि इस सामग्री का इस्तेमाल भविष्य में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता था। समय रहते कार्रवाई से संभावित बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देश और मार्गदर्शन में अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधीरा, अपर पुलिस अधीक्षक गोकुल राज, अपर पुलिस अधीक्षक अहेरी (प्राणहिता) हर्षवर्धन बीजे और पुलिस उपाधीक्षक (अभियान) सुनील उईके की निगरानी में संपन्न हुई।
अभियान को विशेष अभियान दल, प्राणहिता यूनिट, इंटेलिजेंस सेल और बीडीडीएस टीम के जवानों ने संयुक्त रूप से सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस महत्वपूर्ण सफलता पर पुलिस अधीक्षक एम रमेश ने अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और जवानों की सराहना की है।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी
