महाराष्ट्र के हिंगोली में दो बार महसूस किए गए भूकंप के झटके
हिंगोली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में शनिवार को दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 7:46 बजे रिक्टर स्केल पर 3.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र हिंगोली जिले के गढाला गांव के बाहरी इलाके में लगभग 7 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
भूकंप के बाद कुछ समय के लिए नागरिकों में भय का माहौल छा गया। हालांकि, इस भूकंप से किसी के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, शनिवार सुबह 9.43 बजे रिक्टर स्केल पर 4.5 तीव्रता का भूकंप दोबारा दर्ज किया गया। भूकंप की गहराई 5 किमी दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से हिंगोली जिले में लगातार भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। जुलाई में भी इसी तरह का हल्का भूकंप महसूस किया गया था।
हालांकि, भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है। प्रशासन ने तुरंत स्थिति का जायजा लिया और कहीं भी संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है और न ही किसी को कोई चोट आई है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और घबराएं नहीं।
इसके पहले 26 सितंबर को महाराष्ट्र के पालघर जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 मापी गई थी। भूकंप रात 10 बजकर 33 मिनट 46 सेकंड पर आया था, जिसका केंद्र जमीन से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
इससे पहले, भूटान में 19 सितंबर को भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इसका केंद्र ग्येलपोजिंग बताया गया था। भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार शाम 4 बजकर 01 मिनट (भारतीय समयानुसार) पर धरती डोली और रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई थी।
इसकी गहराई जमीन से 5 किमी नीचे नापी गई थी। पूर्वोत्तर भारत में भी इसके झटके महसूस किए गए। भूकंप के बाद असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने सोशल मीडिया पर लोगों को संयम बरतने की सलाह दी और बताया कि किसी नुकसान की खबर नहीं मिली।
--आईएएनएस
ओपी/एबीएम
