महाराष्ट्र दिवस पर 106 शहीदों को याद कर भावुक हुए अरविंद सावंत, बोले- हुआ था सबसे बड़ा संघर्ष
मुंबई, 21 नवंबर (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत ने महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन और राज्य निर्माण के लिए अपनी जान न्योछावर करने वाले 106 शहीदों को याद किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र राज्य का निर्माण आसानी से नहीं हुआ था। इसके लिए लंबा आंदोलन चला और बड़ी संख्या में लोगों ने संघर्ष किया। सावंत ने कहा कि आज भी महाराष्ट्र के हितों और उससे जुड़े मुद्दों को लेकर शिवसेना (यूबीटी) और पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे मजबूती से खड़े हैं।
महाराष्ट्र दिवस और 106 शहीदों की स्मृति को लेकर बात करते हुए सावंत ने कहा कि संविधान लागू होने के बाद भी भाषाई आधार पर महाराष्ट्र राज्य का निर्माण नहीं हुआ था। संविधान वर्ष 1950 में लागू हुआ, लेकिन महाराष्ट्र के गठन का मुद्दा बाकी था। इसके बाद संयुक्त महाराष्ट्र समिति बनाई गई और बड़े नेताओं के नेतृत्व में आंदोलन शुरू हुआ। उस समय मुंबई को लेकर भी अलग विषय सामने आया था। आंदोलन में शायरों, कवियों और मिल मजदूरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस संघर्ष में 106 लोगों ने अपनी जान गंवाई। उनकी स्मृति में स्मारक बनाया गया है और आज का दिन उन लोगों को याद करने का अवसर है।
सावंत ने तत्कालीन सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए मोरारजी देसाई का नाम लिया और उन्हें आंदोलन के दौरान हुई मौतों के लिए जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि बाद में मोरारजी देसाई देश के प्रधानमंत्री भी बने। एक मई को महाराष्ट्र राज्य का निर्माण हुआ। राज्य के गठन के लिए जिन्होंने अपना जीवन समर्पित किया, उनके प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री बनने के बाद अपनी पहली बैठक में ही महाराष्ट्र से जुड़े इस मुद्दे को प्राथमिकता देने की बात कही थी। मामला सुप्रीम कोर्ट तक गया और इस विषय पर किताब भी प्रकाशित हुई थी। उन्होंने कहा कि शिवसेना अपनी जुबान की पक्की है और जिस मुद्दे को उठाती है, उसे न्याय मिलने तक नहीं छोड़ती। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी इस लड़ाई को जारी रखेगी।
पहलगाम आतंकी हमले, कलमा और भगवद गीता को लेकर सावंत ने कहा कि लोगों से धार्मिक पहचान के आधार पर सवाल करना और भावनात्मक मुद्दे खड़े करना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी से कलमा या गीता के श्लोक सुनाने के लिए कहना किस तरह उचित ठहराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को कलमा नहीं आता तो क्या उसे निशाना बनाया जाएगा? इसी तरह गीता का श्लोक बोलने की शर्त रखने पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए सावंत ने कहा कि सिंदूर महिलाओं के जीवन से जुड़ा भावनात्मक प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में हुए आतंकी हमलों के बाद भी पीड़ितों को न्याय नहीं मिला। उन्होंने पुलवामा, उरी और पठानकोट हमलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं के पीड़ितों को लेकर आज भी सवाल बने हुए हैं। सावंत ने 1999 से अब तक हुए हादसों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय केंद्र में किस पार्टी की सरकार थी, इस पर भी ध्यान देना चाहिए।
--आईएएनएस
पीएसके
