Aapka Rajasthan

महाराष्ट्र दिवस पर सीएम फडणवीस ने संयुक्त आंदोलन के लिए जान कुर्बान करने वालों को दी श्रद्धांजलि

मुंबई, 1 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हुतात्मा स्मारक पहुंचकर संयुक्त आंदोलन में जान कुर्बान करने वाले वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने राज्य की समृद्ध परंपरा, विकास और योगदान को याद करते हुए लोगों को शुभकामनाएं दीं।
 
महाराष्ट्र दिवस पर सीएम फडणवीस ने संयुक्त आंदोलन के लिए जान कुर्बान करने वालों को दी श्रद्धांजलि

मुंबई, 1 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हुतात्मा स्मारक पहुंचकर संयुक्त आंदोलन में जान कुर्बान करने वाले वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने राज्य की समृद्ध परंपरा, विकास और योगदान को याद करते हुए लोगों को शुभकामनाएं दीं।

संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन (1956-1960) एक ऐतिहासिक जन आंदोलन था, जिसका मुख्य उद्देश्य मराठी भाषी लोगों के लिए मुंबई (बॉम्बे) सहित एक एकीकृत महाराष्ट्र राज्य का गठन करना था।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, "मुझे बहुत खुशी है कि महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर हम सभी यहां हुतात्मा स्मारक पर श्रद्धांजलि देने के लिए उपस्थित हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज ने जिस 'महाराष्ट्र धर्म' की नींव रखी, उसे यहां की समृद्ध भक्ति परंपरा ने एक व्यापक सांस्कृतिक विरासत प्रदान की है। उसी परंपरा को आगे बढ़ाने वाला यह महाराष्ट्र है। सुधारवादी आंदोलनों का नेतृत्व भी महाराष्ट्र ने किया है।"

उन्होंने आगे कहा कि आज महाराष्ट्र देश का पावर इंजन और ग्रोथ इंजन बन चुका है, जो लगातार प्रगति की ओर बढ़ रहा है। सीएम फडणवीस ने राज्यवासियों को महाराष्ट्र दिवस की बधाई देते हुए श्रमिक दिवस के मौके पर सभी मजदूरों को भी शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा, "आज हम जो भी विकास और वैभव देख रहे हैं, वह श्रमिकों की मेहनत का परिणाम है। मैं सभी श्रमिकों को नमन करता हूं।"

सीएम फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भी पोस्ट करते हुए लिखा, "महाराष्ट्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! दूरदर्शी सोच और प्रगतिशील कार्यों के साथ हमारा महाराष्ट्र गर्व और उद्देश्य के साथ आगे बढ़ रहा है। गतिशील, प्रगतिशील और विकसित होता हुआ यह हमारा महाराष्ट्र है।"

वहीं दूसरी ओर, महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने मुंबई के लोक भवन में महाराष्ट्र राज्य के 67वें स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राज्यपाल ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और राज्य गीत बजाया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल की पत्नी श्रीमती सुधा देव वर्मा, राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवारे, राज्यपाल के संयुक्त सचिव एस. राममूर्ति, राज्यपाल के आवास के नियंत्रक डॉ. निशिकांत देशपांडे, लोक भवन के कर्मचारी और अधिकारी, तथा राज्य पुलिस उपस्थित रहे।

बता दें कि महाराष्ट्र दिवस हर साल 1 मई को मनाया जाता है। इसी दिन 1960 में महाराष्ट्र राज्य का आधिकारिक गठन हुआ था। इसकी जड़ें संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन में हैं, जो 1950 के दशक के मध्य में शुरू हुआ था।

महाराष्ट्र दिवस राज्य का एक प्रमुख सार्वजनिक अवकाश है, जिसे पूरे उत्साह और सांस्कृतिक गर्व के साथ मनाया जाता है।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस