Aapka Rajasthan

महाराष्ट्र: बारिश और तेज हवाओं के कहर से विधानसभा की कार्यवाही स्थगित, सरकार और विपक्ष आमने-सामने

मुंबई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विधानसभा में राज्य की मौजूदा स्थिति पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते प्राकृतिक चक्र के कारण असामान्य परिस्थितियां पैदा हुई हैं और सरकार पूरी तरह सतर्क होकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई है।
 

मुंबई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विधानसभा में राज्य की मौजूदा स्थिति पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते प्राकृतिक चक्र के कारण असामान्य परिस्थितियां पैदा हुई हैं और सरकार पूरी तरह सतर्क होकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिसके चलते एक ही दिन में लगभग 350 पेड़ गिर गए। उन्होंने कहा कि मंगलवार दोपहर बाद हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंबई में सोमवार को ढही इमारत एक अनधिकृत (अवैध) इमारत थी। वहीं मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक के पास भूस्खलन की घटना भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि बदलते प्राकृतिक चक्र के कारण इस तरह की परिस्थितियां उत्पन्न हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य के जिन इलाकों में लोग फंसे हुए हैं, वहां उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए सभी सरकारी एजेंसियां युद्धस्तर पर काम कर रही हैं। सरकार पूरी तैयारी के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आज के हालात का आकलन करने के बाद बुधवार को विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि तेज हवाओं और भारी बारिश को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें। विशेष रूप से युवाओं से पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक क्षेत्रों में जाने से परहेज करने का आग्रह किया गया है।

विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने भी राज्य में अतिवृष्टि की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी से सहयोग और सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को ध्यान में रखते हुए सदन की कार्यवाही स्थगित करने का निर्णय लिया गया।

इस बीच, विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने मुंबई में भारी बारिश के कारण 12 लोगों की मौत का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस मामले में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक के बंद होने का भी उल्लेख करते हुए सरकार से पूरे मामले पर सदन में विस्तृत बयान देने की मांग की।

बता दें कि मुंबई-गोवा राजमार्ग पूरी तरह से यातायात के लिए बंद है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे पुणे-मुंबई पुराने राजमार्ग का उपयोग करें। काशेदी और तामिनी घाट में भूस्खलन के कारण यातायात बंद है। जबकि वाकन-सुकेली-खिंड राजमार्ग पर जलभराव के कारण यातायात पूरी तरह से बंद है।

--आईएएनएस

एसडी/एएस