Aapka Rajasthan

महाराष्ट्र : अवैध शराब कांड के आरोपी के घर पर ध्वस्तीकरण कार्रवाई, पीसीएमसी ने लिया एक्शन

पुणे, 4 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के फुगेवाड़ी क्षेत्र में अवैध शराब कांड से जुड़े आरोपी गुरुमंगल सिंह करनैल सिंह विर्क के घर पर पिंपरी-चिंचवाड़ नगर निगम (पीसीएमसी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। नगर निगम ने दावा किया है कि संबंधित निर्माण के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
 
पीसीएमसी के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के आवास को लेकर दस्तावेजों की जांच की गई थी। जांच के दौरान निर्माण की वैधता को लेकर सवाल उठे, जिसके बाद नियमानुसार नोटिस जारी किया गया।

पीसीएमसी अधिकारी अन्ना बोड्डे ने बताया कि वर्ष 2000 की झुग्गी पुनर्वास विभाग की सूची में गुरुमंगल सिंह विर्क का नाम दर्ज नहीं है। इसी आधार पर 2 जून को उन्हें नोटिस जारी किया गया था और उसकी प्रति संबंधित स्थल पर भी चस्पा की गई थी।

उन्होंने कहा कि नोटिस आरोपी के परिजनों ने प्राप्त किया था और उन्हें 24 घंटे के भीतर आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए कहा गया था। हालांकि तय समय सीमा समाप्त होने के बाद भी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।

अधिकारी के अनुसार, दस्तावेज नहीं मिलने के कारण नगर निगम ने नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल और नगर निगम के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

गौरतलब है कि गुरुमंगल सिंह करनैल सिंह विर्क का नाम हाल ही में सामने आए अवैध शराब कांड से जुड़ा बताया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और प्रशासन इस पूरे प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रहा है।

बता दें कि पुणे और पिंपरी चिंचवड़ में जहरीली शराब पीने के कारण 18 लोगों की जान चली गई थी। मामले की जांच के दौरान सामने आया कि महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने पाया है कि शराब में मिलाया गया मेथनॉल ही मौतों का मुख्य कारण था। पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर एफडीए ने नवी मुंबई के वाशी स्थित कार्यालय और भिवंडी स्थित गोदाम वाली कंपनी 'श्री रेक्स इंटरनेशनल' से जुड़े परिसरों पर छापेमारी की। इस दौरान अधिकारियों ने 5,929 किलोग्राम मेथनॉल जब्त किया, जिसे कथित तौर पर अवैध रूप से रखा गया था।

अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और इस घातक शराब कांड की पूरी सप्लाई चेन से जुड़े सभी लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

--आईएएनएस

एएमटी/पीएम