महादेवी वर्मा की जयंती पर कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, कहा- 'संवेदना और करुणा संदेश देती रहेंगी उनकी रचनाएं'
नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। आधुनिक हिंदी साहित्य की अग्रणी कवयित्री और 'पद्म विभूषण' से सम्मानित महादेवी वर्मा की जयंती पर पूरा देश उन्हें याद कर रहा है। इस अवसर पर नितिन गडकरी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों व अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने महादेवी वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लिखा, "ज्ञानपीठ और पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित आधुनिक हिंदी कविता की प्रतिभावान कवयित्री व महान लेखिका महादेवी वर्मा की जयंती पर उन्हें सादर नमन।"
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पोस्ट किया, "हिंदी साहित्य में छायावादी युग की प्रमुख स्तंभ, महान कवयित्री, 'पद्म विभूषण' महादेवी वर्मा जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन करता हूं। आपकी कालजयी रचनाएं सदैव साहित्य जगत की समृद्धि का आधार रहेंगी।"
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने महादेवी वर्मा की जयंती पर कुछ पंक्तियां शेयर कीं। उन्होंने लिखा, "वे मुस्काते फूल नहीं, जिनको आता है मुरझाना, वे तारों के दीप नहीं, जिनको भाता है बुझ जाना।"
उन्होंने महादेवी वर्मा को नमन करते हुए 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "समाज में महिलाओं के प्रति चेतना के प्रसार और समाज सुधार की दिशा में उनकी रचनाएं सदैव प्रेरणा देती रहेंगी।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महादेवी वर्मा को नारी अस्मिता की प्रखर आवाज और छायावादी युग की प्रख्यात कवयित्री बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। सीएम योगी ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "मानव और प्रकृति के बीच आत्मीय संवाद का सजीव चित्रण प्रस्तुत करतीं उनकी रचनाएं मानवीय संवेदना, करुणा और आत्मिक सौंदर्य का अमर संदेश देती रहेंगी।"
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लिखा, "महान स्वतंत्रता सेनानी, हिन्दी साहित्य के छायावादी युग की प्रमुख स्तंभ, प्रसिद्ध कवयित्री महादेवी वर्मा जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं। उनकी कृतियों के हर शब्द भावनाओं के संवाहक हैं, जो ह्रदय की गहराइयों में उतर कर समा जाते हैं। ये कृतियां देश की अमूल्य धरोहर है।"
--आईएएनएस
डीसीएच/
