मध्य प्रदेश: शराब से भरे ट्रक ने देवास में थाना प्रभारी दिलीप पुरी को रौंदा, सत्ता पक्ष और विपक्ष ने जताया दुख
देवास, 2 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के देवास में शराब माफिया के ट्रक ने खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। दिलीप पुरी का शव सोमवार को खातेगांव थाने पर पहुंचेगा, जहां गॉड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। दिलीप पुरी की मौत पर सत्ता और विपक्ष के नेताओं ने दुख जताया है। विपक्ष ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "देवास जिले के खातेगांव टीआई दिलीप पुरी पूर्ण निष्ठा से अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए एक अप्रिय हादसे का शिकार होकर दिवंगत हो गए। पुरी ने बहादुरी और समर्पण भाव के साथ पुलिस सेवा में अपना सर्वस्व समर्पित किया। दुःख की इस घड़ी में हमारी गहरी संवेदनाएं परिवारजन एवं पुलिस परिवार के साथ हैं।"
उन्होंने कहा, "मैं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परमपिता परमेश्वर से दिगंवत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। इस कठिन समय में परिवारजन को ईश्वर साहस और संबल प्रदान करें। मैंने देवास कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से बात की है। घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। मैं आश्वस्त करता हूं कि इस घटना के किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार इसके प्रत्येक दोषी को सलाखों के पीछे भेजेगी।"
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने दिलीप पुरी की मौत को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "देवास जिले में शराब माफिया द्वारा कुचल दिए जाने से खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी का निधन हो गया। मध्य प्रदेश में शराब माफिया के बुलंद हौसले अब जनता के बाद सिस्टम के लिए भी जानलेवा हो रहे हैं। सरकार की नाकामी का परिणाम अब मैदानी अमला भुगत रहा है। सरकार की अंधेरगर्दी और सत्ता में बैठे लोगों का लालच न जाने कितने और परिवार बर्बाद करेगा। पुरी को विनम्र श्रद्धांजलि।"
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ यादव ने एक्स पोस्ट पर लिखा, "देवास के खातेगांव में शराब माफिया द्वारा टीआई दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या प्रदेश की कानून-व्यवस्था की हत्या की खुली घोषणा है। मैं उनकी मृत्यु पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं एवं शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं। प्रदेश की पहचान शराब माफिया, ड्रग्स माफिया, खनन माफिया, भू माफिया और रेत माफिया से हो चुकी है। मध्य प्रदेश में अब माफिया सरकार चला रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है।"
बता दें कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अवैध शराब से भरा ट्रक हरदा की ओर से आ रहा है और इंदौर होते हुए गुजरात जाने वाला है। पुलिस टीमें ट्रक का पीछा कर रही थीं और आगे नाकाबंदी भी की गई थीं। इसी दौरान हरदा-नेमावर हाईवे पर ट्रक चालक पानी पीने के लिए रुका। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी उसे पकड़ने के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक को ट्रक से नीचे उतरने के लिए कहा। इसी दौरान दोनों के बीच बहस होने लगी, तभी चालक ने ट्रक लेकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान दिलीप पुरी नीचे गिर गए और ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से निकल गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
--आईएएनएस
ओपी/डीकेपी
