Aapka Rajasthan

मध्य प्रदेश में निर्माण कंपनी ने फर्जी बैंक गारंटी दी, मामला दर्ज

भोपाल, 4 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में निर्माण कंपनी ने फर्जी बैंक गारंटी लगा दी। इस बात का खुलासा होने पर राजधानी भोपाल के थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
 

भोपाल, 4 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में निर्माण कंपनी ने फर्जी बैंक गारंटी लगा दी। इस बात का खुलासा होने पर राजधानी भोपाल के थाने में मामला दर्ज कराया गया है।

आधिकारिक तौर पर मिली जानकारी है बताया गया है कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के उपक्रम मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी (एमपीयूडीसी) द्वारा वित्तीय अनियमितता के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए फर्जी बैंक गारंटी प्रस्तुत करने वाले संविदाकार के खिलाफ थाना एमपी नगर, भोपाल में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

कंपनी द्वारा चार निर्माण पैकेजों के निष्पादन के संबंध में 'साउथ गुजरात कंस्ट्रक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड' एवं 'इंजीनियरिंग प्रोफेशनल कंपनी प्राइवेट लिमिटेड' के संयुक्त उपक्रम (ज्वाइंट वेंचर) द्वारा बैंक गारंटी प्रस्तुत की गई थी।

अधिकारियों को प्रस्तुत बैंक गारंटी की प्रामाणिकता पर संदेह व्यक्त होने पर एमपीयूडीसी द्वारा उसकी सूक्ष्मता से जांच कराई गई, जिसमें संबंधित बैंक गारंटी पूरी तरह फर्जी पाई गई। इस प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त एवं एमपीयूडीसी के प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे ने अधिकारियों को संविदाकार के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई करते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

निर्देशों के परिपालन में थाना एमपी नगर, भोपाल में औपचारिक प्रकरण दर्ज कराया गया है। पुलिस द्वारा संविदाकार के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। इनमें धोखाधड़ी कर छलपूर्वक धन, संपत्ति अथवा मूल्यवान दस्तावेज सौंपने से संबंधित है।

प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे ने कहा है कि विभागीय प्रक्रियाओं एवं शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता, धोखाधड़ी अथवा फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने के मामलों को अत्यंत गंभीरता से लिया जाएगा तथा ऐसे दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएसएच