मध्य प्रदेश में देशी के साथ विदेशी निवेशक कर रहे निवेश: सीएम मोहन यादव
भोपाल, 22 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य सरकार द्वारा बनाई गई नीतियों को औद्योगिक मित्र नीति करार देते हुए कहा कि बेहतर नीतियों का ही नतीजा है कि राज्य में देशी के साथ विदेशी निवेशक भी निवेश करने आ रहे हैं। उन्होंने दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि मध्य प्रदेश में हमने निवेश के लिए बेहतर नीतियां बनाई है, जिसके परिणामस्वरूप देश समेत विदेशी निवेशक भी राज्य में निवेश करने के लिए उत्साहित हैं। साथ ही निवेशकों का विश्वास राज्य पर बढ़ा है। हमने राज्य में विभिन्न क्षेत्रों के आधार पर उद्योग स्थापित करने का फैसला किया है।
सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि वर्तमान समय हमारे लिए स्वर्णिम अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्यों को समान रूप से आगे बढ़ाने तथा अपने-अपने संसाधनों के माध्यम से प्रगति और विकास करने का यह महत्वपूर्ण समय है। हमारे राज्य की पहचान लंबे समय तक कृषि आधारित राज्य के रूप में रही है। मध्य प्रदेश को प्राप्त नैसर्गिक एडवांटेज को ध्यान में रखते हुए हमने इसकी संभावनाओं पर विशेष रूप से फोकस किया।
इसी का परिणाम है कि बीते ढाई वर्षों में जीआईएस और रीजनल कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित किया गया। साथ ही, व्यापार एवं व्यवसाय में बाधा बन रहे कानूनों को समाप्त किया गया और समय की आवश्यकता के अनुरूप नई नीतियां बनाई गईं।
सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बिजली से लेकर पर्याप्त लैंड बैंक तक आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया। इसके साथ ही निवेशकों के लिए सरल, पारदर्शी एवं सुगम व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। इन सभी प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है कि आज प्रदेश में 10 लाख करोड़ से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं।
मध्य प्रदेश की भौगोलिक स्थिति की चर्चा करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश भौगोलिक दृष्टि से राजस्थान के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा राज्य है। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में उनकी विशेषताओं के आधार पर हम उद्योग स्थापित कर रहे हैं। राज्य में कपड़ा मिल, स्टील उद्योग, टेलीकॉम सेक्टर, रक्षा उद्योग, एजुकेशन, हेल्थ, फ़ूड, कोयला समेत एनर्जी पार्क की स्थापना तेजी से हो रही है। ये विशेषताएं निवेशकों का विश्वास और उद्योग को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी
