मध्य प्रदेश में कांग्रेस की मजबूती के लिए बैठकों का दौर, जन संवाद पर पार्टी का फोकस
भोपाल, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की जमीनी स्तर पर मजबूती के लिए बैठकों का दौर जारी है। इन बैठकों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ब्लॉक अध्यक्षों से लेकर जिला प्रभारी तक को गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पार्टी की नीतियां पहुचाने पर जोर दे रहे हैं।
कांग्रेस की बैठकों के क्रम में शनिवार को राजधानी के इंदिरा भवन में कांग्रेस पार्टी के सभी जिला प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी रणनीति, गांव-गांव तक कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाने, और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस बैठक में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव उषा नायडू, संजय दत्त, एवं सभी वरिष्ठ जिला प्रभारीगण मौजूद रहे।
कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों की शुक्रवार को रविंद्र भवन में सम्मेलन हुआ था इस सम्मेलन में प्रदेश भर के ब्लॉक अध्यक्ष ने हिस्सा लिया था। सम्मेलन में ब्लॉक अध्यक्षों की भूमिका, उनके कार्य एवं दायित्वों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस पिछले 25 वर्षों से सत्ता से बाहर है, ऐसे में कार्यकर्ताओं को और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है। बूथ एवं ब्लॉक स्तर पर कम से कम 30 हजार परिवारों को जोड़कर संगठन को मजबूत करना होगा। पार्टी कार्यकर्ता का लक्ष्य किसी पद की प्राप्ति नहीं, बल्कि कांग्रेस की सत्ता में वापसी सुनिश्चित करना है।
उन्होंंने कहा कि मध्य प्रदेश कर्ज, क्राइम और करप्शन के कैंसर से जूझ रहा है,और इसे बचाने के लिए हमें अपनी आहुति देनी होगी। पार्टी ने तय किया है कि 25 अप्रैल से लेकर 25 मई तक बनाए गए विधानसभा प्रभारी अपने विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे और कार्यकारिणी का सत्यापन करेंगे और 25 मई के बाद पार्टी के हर ब्लॉक पर एक अधिवेशन होगा, जिसे जन संवाद कार्यक्रम का नाम दिया जाएगा, जिसमें पार्टी के सभी बड़े नेता प्रदेश प्रभारी एवं सह प्रभारी सहित एक-एक ब्लॉक में जाएंगे।
--आईएएनएस
एसएनपी/एएसएच
