Aapka Rajasthan

मध्य प्रदेश में बिजली दर में इजाफा, उपभोक्ता की जेब पर हमला : जीतू पटवारी

भोपाल 27 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में बिजली दरों में संभावित वृद्धि को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने जन विरोधी करार देते हुए उपभोक्ता की जेब पर सीधा हमला बताया है। राज्य में संभावित बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखा है।
 
इस पत्र में पटवारी ने कहा है कि प्रदेश में एक बार फिर भाजपा सरकार आम जनता की जेब पर सीधा हमला कर रही है। एक अप्रैल से लागू होने जा रही बिजली दरों में 4.80 प्रतिशत की वृद्धि की चर्चा यह साबित करती है कि आपकी सरकार जनसेवा नहीं बल्कि सरकारी वसूली के मॉडल पर काम कर रही है।

राज्य में बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए पटवारी ने कहा है कि पिछले एक दशक में मध्य प्रदेश में बिजली दरों में 22–24 प्रतिशत तक वृद्धि हो चुकी है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 0-50 यूनिट की दर 3.65 से बढ़कर 4.45 हो गई, यानी सीधा 20 प्रतिशत से अधिक इजाफा। इसके अलावा हर महीने फ्यूल सरचार्ज के नाम पर तीन प्रतिशत से ज्यादा अतिरिक्त बोझ भी डाला जा रहा है।

पटवारी ने आगे कहा है कि यह 4.80 प्रतिशत की वृद्धि कोई छोटी वृद्धि नहीं, अपितु पहले से बढ़ती कीमतों पर एक और प्रहार है। राज्य सरकार द्वारा ईवी चार्जिंग पर 20 प्रतिशत की छूट के दावों पर कहा कि सच्चाई यह है कि मध्य प्रदेश में ईवी उपयोगकर्ताओं की संख्या अभी सीमित है। अधिकांश आम उपभोक्ताओं को इस छूट से कोई सीधा लाभ नहीं मिलेगा। यह सिर्फ नीतिगत दिखावा है, जबकि असली बोझ हर घर पर बढ़ाया जा रहा है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने संभावित बिजली दर वृद्धि को वापस लिए जाने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि यह फैसला वापस नहीं लिया गया, तो प्रदेश कांग्रेस सड़कों से लेकर सदन तक इस जनविरोधी निर्णय के खिलाफ निर्णायक आंदोलन करेगी।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएस