मध्य प्रदेश के विकास को गति देंगे, पंजाब से ड्रग्स और गैंगस्टर संस्कृति मिटाएंगे: तरुण चुघ
नई दिल्ली, 29 जून (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए अपना जीवन समर्पित करेंगे।
शपथ ग्रहण के बाद समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में तरुण चुघ ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रति विशेष रूप से आभारी हैं, जिन्होंने उन्हें राज्यसभा जाने का अवसर दिया। यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सामने विकसित भारत का संकल्प रखा है और आज भारत उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। एक समय ऐसा था जब भारत को पिछड़ा, विकासशील और सहायता मांगने वाले देश के रूप में देखा जाता था, लेकिन 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की वैश्विक पहचान पूरी तरह बदल गई है।
तरुण चुघ ने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत शक्ति के रूप में स्थापित हुआ है। अब भारत पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नेतृत्व कर रहा है, दुनिया के सामने सम्मान के साथ अपनी बात रख रहा है और सहायता मांगने वाला नहीं बल्कि दुनिया को सहयोग देने वाला देश बन चुका है। भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और विश्व का लगभग हर देश भारत के साथ साझेदारी करना चाहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को चमत्कारी और चुंबकीय नेतृत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि इसी नेतृत्व ने भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। वह अपने कार्यकाल का प्रत्येक क्षण और अपने जीवन का कण-कण विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए समर्पित करेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा में मेरे ऊपर मध्य प्रदेश और पंजाब की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश राज्य तेजी से विकास कर रहा है और वह इस विकास यात्रा को और गति देने के लिए हरसंभव सहयोग करेंगे।
वहीं, पंजाब का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य इस समय नशे, गैंगस्टर संस्कृति, रंगदारी, अत्याचार और वित्तीय संकट जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। मेरा प्रयास रहेगा कि पंजाब को ड्रग्स, भ्रष्टाचार और गैंगस्टर संस्कृति से मुक्त बनाया जाए तथा राज्य को विकसित भारत के साथ विकसित पंजाब की दिशा में आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने आगे कहा कि राज्यसभा में वह पंजाब और मध्य प्रदेश दोनों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। देश के किसी भी हिस्से में यदि किसी व्यक्ति के साथ अन्याय या अत्याचार होता है, तो वह सदन में उसकी आवाज बनेंगे और पीड़ितों के मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगे।
--आईएएनएस
पीएसके
