Aapka Rajasthan

मध्य प्रदेश के किसानों की समस्या पर संगठन मौन: उमंग सिंघार

भोपाल, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी की बदल रही तारीखों और बारिश तथा ओला से हुई फसल के नुकसान को लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा से जुड़े किसान संगठन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर हमला बोला है।
 
मध्य प्रदेश के किसानों की समस्या पर संगठन मौन: उमंग सिंघार

भोपाल, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी की बदल रही तारीखों और बारिश तथा ओला से हुई फसल के नुकसान को लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा से जुड़े किसान संगठन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि यह दोनों किसानों की समस्याओं के मामले में मौन है। मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने गेहूं खरीदी और किसानों की समस्याओं को लेकर संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के किसान लगातार सरकार की उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। गेहूं खरीदी की तारीखें बार-बार बदली जा रही हैं। पहले मार्च, 1 अप्रैल, 10 अप्रैल और अब 9 अप्रैल की घोषणा की गई है। इस बीच बारिश से फसल खराब हो रही है, लेकिन सरकार केवल दावे कर रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार अलग-अलग माध्यमों से किसानों की आवाज उठा रही है। मैंने भी कई बार मुख्यमंत्री को किसानों को हो रही परेशानी के बाबत पत्र के माध्यम से चिंता जताई है।

सिंघार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी से जुड़े किसान संगठन, जो हर बार किसानों के हित की बात करते नजर आते हैं, आज आखिर चुप क्यों हैं? दतिया से विधायक रहे राजेंद्र भारती के निर्वाचन को शून्य घोषित किए जाने के बाद मामले की हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मैंने पहले भी कहा कि यह देश ऑटोक्रेसी की तरफ जा रहा है, यानी चुनावी सत्तावाद की तरफ। आज संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है, यह पूरे देश और प्रदेश में दिखाई दे रहा है। राजेंद्र भारती की लड़ाई कांग्रेस पार्टी की लड़ाई है। मुझे उम्मीद है कि जल्द इस मामले में न्याय मिलेगा।

राज्यसभा चुनाव को लेकर सिंघार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास रहा है सरकारें खरीदना, तोड़ना और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करना। ऐसे में 'हॉर्स ट्रेडिंग' की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ एकजुट है। हमारे सभी विधायक पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करेंगे, यह हमारा विश्वास और संकल्प है।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी