मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक का निर्वाचन शून्य घोषित, सुप्रीम कोर्ट में अपील करेगी कांग्रेस
ग्वालियर/भोपाल 9 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर खंडपीठ ने श्योपुर जिले के विजयपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा के निर्वाचन को शून्य घोषित कर दिया है और पराजित उम्मीदवार रामनिवास रावत को विधायक घोषित किया है।
मल्होत्रा के पास इस फैसले के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में अपील करने का अवसर है।
दरअसल, राज्य में वर्ष 2023 में विधानसभा के चुनाव हुए थे और यहां से कांग्रेस के उम्मीदवार मुकेश मल्होत्रा ने भाजपा उम्मीदवार रामनिवास रावत को पराजित किया था। रामनिवास रावत की ओर से मल्होत्रा पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने निर्वाचन आयोग में दायर किए गए हलफनामे में अपने ऊपर दर्ज मामलों को छुपाया है। इसी को लेकर उन्होंने ग्वालियर खंडपीठ में याचिका दायर की थी।
इस मामले पर सुनवाई हुई और ग्वालियर खंडपीठ ने आरोप को सही पाते हुए मल्होत्रा के निर्वाचन को शून्य घोषित कर दिया है। मुकेश मल्होत्रा के अधिवक्ता ने संवाददाताओं को बताया है कि रामनिवास की ओर से लगाई गई याचिका में आरोप लगाया गया था कि दो तरह के प्रकरण की जानकारी छुपाई गई जिनका निपटारा हो चुका है और जिनमें सजा हुई थी और दो प्रकरण में ट्रायल कोर्ट से बरी हो गए थे। उनका कहना था कि मल्होत्रा के खिलाफ और भी मामले हैं उनकी जानकारी छुपाई गई है।
इस मामले में न्यायालय ने प्रकरण की जानकारी छुपाने को गलत प्रेक्टिस मानते हुए अपना फैसला सुनाया है। चुनाव को शून्य घोषित कर दिया गया है वहीं रामनिवास को विधायक घोषित किया गया है। इस निर्णय के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में अपील का प्रावधान है और मल्होत्रा की ओर से अपील की जाएगी। साथ ही उच्च न्यायालय में इस फैसले पर स्टे के लिए आवेदन किया गया है।
ग्वालियर खंडपीठ के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि विजयपुर से कांग्रेस पार्टी के विधायक मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर ने शून्य घोषित किया है। शून्य घोषित करने के पीछे का कारण हलफनामे में अपूर्ण जानकारी देना बताया गया है। हम अदालत का सम्मान करते हैं।
उन्होंने आगे कहा है कि कांग्रेस पार्टी वकीलों से राय मशविरा कर एवं कानूनी पहलुओं को समझने के बाद इस फैसले के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में अपील करेगी। विजयपुर की जनता ने कांग्रेस पार्टी को जनादेश दिया था। जनता आज भी हमारे साथ है। हमें उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट से हमे न्याय मिलेगा।
--आईएएनएस
एसएनपी/एएसएच
