मध्य प्रदेश: धार में कार में लगी आग, पुलिस ने समय रहते सात यात्रियों को सुरक्षित निकाला
धार, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के धार जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया जब कार में आग लग गई । इस कार में सात लोग सवार थे और पुलिस की सक्रियता से सभी की जान बच गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र में हाईवे पर कार में आग लग गई, इस बात की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल-112 सेवा ने त्वरित पुलिस सहायता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घटना के दौरान वाहन में सवार सभी सात यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बताया गया है कि डायल-112 पर सूचना प्राप्त हुई कि बोरखली क्षेत्र में हाईवे पर एक कार में आग लग गई है और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही थाना राजोद की एफआरवी-14 तथा थाना सरदारपुर की एफआरवी-11 तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस टीम ने पाया कि अहमदाबाद से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए जा रही मारुति सुजुकी एर्टिगा कार में अचानक आग लग गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 की दोनों टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार में सवार सभी सात यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग के कारण वाहन पूरी तरह जल गया तथा उसमें रखा सामान, कपड़े एवं लगभग आठ हजार रुपये की नकदी भी जल गई।
पुलिस टीम की त्वरित प्रतिक्रिया से वाहन में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सका। बाद में सभी यात्रियों को अन्य वाहन से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। इस राहत एवं बचाव कार्य में एफआरवी -14, थाना राजोद के प्रकाश, कांस्टेबल 1125 एवं तुलसीराम मेडा, पायलट तथा एफआरवी-11, थाना सरदारपुर के सौरभ मोरे, कांस्टेबल 1210 एवं नितेश बाबेरिया, पायलट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
--आईएएनएस
एसएनपी/एएसएच
