मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की एआई पोस्टर से छवि खराब करने का आरोप
भोपाल, 7 जुलाई (आईएएनएस) कांग्रेस ने मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए पोस्टर बनाकर छवि खराब करने का आरोप लगाया है।कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक को एक ज्ञापन सौंप कर मामले की जांच कर प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
कांग्रेस का आरोप है कि सोशल मीडिया पर एक फर्जी एवं एआई-जनरेटेड पोस्टर प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें एक समाचार पत्र के नाम और पहचान का दुरुपयोग करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के नाम से झूठा एवं भ्रामक कथन प्रसारित किया गया है। यह सुनियोजित दुष्प्रचार उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक छवि धूमिल करने, जनता को भ्रमित करने तथा सामाजिक वैमनस्य फैलाने का प्रयास है।
सोशल मीडिया के उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जितेंद्र प्रताप सिंह, अजय सेंगर एवं रवि गुर्जर द्वारा उक्त फर्जी पोस्टर के निर्माण, प्रसार एवं दुष्प्रचार में भूमिका होने का उल्लेख करते हुए मामले की साइबर जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सोशल मीडिया पर फर्जी एवं एआई-जनरेटेड सामग्री के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक व्यक्तित्वों को बदनाम करने के प्रयासों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
--आईएएनएस
एसएनपी/पीएम
