मध्य प्रदेश: आगर-मालवा लूटकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, 6 किलो से अधिक चांदी बरामद
आगर-मालवा, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के जनपद आगर-मालवा के नलखेड़ा में ज्वेलरी व्यापारी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने एक और अहम गिरफ्तारी है। करीब डेढ़ साल पुराने इस मामले में अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई लूट करने वालों से आगे बढ़कर उस शख्स तक पहुंची है, जिसने लूटी गई चांदी खरीदी और उसे गलाकर सिल्लियों में बदला था। आरोपी के कब्जे से 5 किलो 985 ग्राम चांदी की सिल्लियां बरामद हुई हैं। पूरे मामले में अब तक 14 किलो 125 ग्राम चांदी और दो बिना नंबर की बोलेरो जब्त की जा चुकी हैं।
दरअसल, 23 मई 2025 की रात नलखेड़ा के ज्वेलरी व्यापारी दुकान बंद कर कर्मचारी के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। रास्ते में बिना नंबर की बोलेरो गाड़ी से आए बदमाशों ने रास्ता रोककर मारपीट की और चांदी-सोने के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए थे।
मामले की जांच में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के जरिए लूट की कड़ियां जोड़ते हुए अलग-अलग समय में आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 8 किलो से अधिक चांदी बरामद की गई। इसके बाद राजस्थान तक कार्रवाई पहुंची और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने 27 सितंबर को भी एक आरोपी की गिरफ्तारी की, जिसका खुलासा सोमवार को हुआ है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने लूटी गई चांदी खरीदी और उसे गलाकर सिल्लियों में बदल दिया था। उसकी निशानदेही पर 5 किलो 985 ग्राम चांदी की सिल्लियां बरामद हुई हैं।
पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वालों के साथ-साथ लूट के माल को खपाने वाली कड़ी तक भी कार्रवाई की है। पुलिस अब शेष आरोपियों और बाकी लूटे गए माल की तलाश में जुटी है।
--आईएएनएस
डीसीएच/
