'मां का सम' में दिखेगा इमोशन और ह्यूमर का अनोखा मेल, ट्रेलर में सामने आई मां-बेटे की दिल छू लेने वाली कहानी
मुंबई, 27 मार्च (आईएएनएस)। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इन दिनों ऐसी कहानियों की मांग बढ़ती जा रही है, जिनमें रिश्तों की गहराई, भावनाएं और हल्का-फुल्का ह्यूमर एक साथ देखने को मिले। इसी कड़ी में एक नई वेब सीरीज 'मां का सम' काफी चर्चा में है, जिसमें एक मां और बेटे के रिश्ते को बेहद अलग अंदाज में दिखाया गया है। इस सीरीज में मोना सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इस सीरीज का ट्रेलर जारी हो चुका है।
ट्रेलर की शुरुआत एक 19 साल के लड़के अगस्त्य से होती है। अगस्त्य का किरदार मिहिर आहूजा ने निभाया है। वह गणित का जीनियस है और हर चीज को फार्मूला और लॉजिक से समझता है। उनका कहना है- 'मैथ्स हो या प्यार, दोनों एक ही इक्वेशन हैं।' इसी सोच के साथ वह अपनी मां की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए एक अनोखा मिशन 'प्रोजेक्ट मॉम' शुरू करता है। इस मिशन के तहत वह अपनी सिंगल मदर विनिता (मोना सिंह) के लिए एक परफेक्ट पार्टनर ढूंढता है।
ट्रेलर में आगे दिखाया गया है कि अगस्त्य पूरी प्लानिंग और लॉजिक के साथ अपनी मां के लिए रिश्ते ढूंढने की कोशिश करता है। वह मैथ्स के सवालों की तरह अलग-अलग लोगों को परखता है, उनके व्यवहार और स्वभाव को समझने की कोशिश करता है। लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, यह साफ हो जाता है कि प्यार को किसी फार्मूले में नहीं बांधा जा सकता। इस दौरान कई मजेदार और भावनात्मक पल सामने आते हैं, जहां अगस्त्य की सारी प्लानिंग धीरे-धीरे उलझती जाती है और जिंदगी उसे नया सबक सिखाती है।
इस सीरीज में अपने किरदार विनिता को लेकर मोना सिंह ने कहा, ''यह रोल मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि ऐसा किरदार मैंने पहले कभी नहीं निभाया। विनिता एक ऐसी महिला है जो अपने बेटे के साथ दोस्त की तरह रिश्ता रखती है, जिसमें भरोसा, प्यार और समझदारी होती है। इस कहानी में एक मां का अपने बेटे पर भरोसा और बेटे का अपनी मां के लिए कुछ अच्छा करने का जज्बा बहुत खूबसूरती से दिखाया गया है।''
मोना सिंह ने कहा, ''इस सीरीज में मेरा किरदार अपनी भावनाओं को खुलकर जीता है। वह दोबारा प्यार पर भरोसा करने की कोशिश करती है और अपने बेटे के अनोखे नजरिए को भी समझने की कोशिश करती है। यह कहानी हंसी और इमोशन के बीच बहुत अच्छा संतुलन बनाती है और दर्शकों को एक सच्ची और जुड़ी हुई कहानी का एहसास कराती है।''
वहीं मिहिर आहूजा ने अपने किरदार अगस्त्य को लेकर कहा, ''बाहर से वह जितना समझदार और आत्मविश्वासी दिखता है, अंदर से वह उतना ही भावुक बेटा है। वह अपनी मां से बहुत प्यार करता है और चाहता है कि उसकी मां खुश रहे। यही वजह है कि वह अपने तरीके से उनकी जिंदगी में खुशियां लाने की कोशिश करता है। मां-बेटे के बीच की दोस्ती और अपनापन इस कहानी की सबसे बड़ी ताकत है।''
यह सीरीज प्राइम वीडियो पर 3 अप्रैल से स्ट्रीम होगी।
--आईएएनएस
पीके/एएस
