लखनऊ : पार्किंग को लेकर विवाद में तीन लोगों की हत्या, पड़ोसी ने सुनाया दिल दहलाने वाला वाकया
लखनऊ, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस ट्रिपल मर्डर केस पर पड़ोसी अनूप सक्सेना ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोमवार को आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि दोनों में कहासुनी हो रही थी और दोनों एक-दूसरे का वीडियो भी बना रहे थे।
उन्होंने कहा कि हंगामे के बीच किसी ने कहा कि पुलिस को बुला दो, नहीं तो ये बवाल बढ़ा जाएगा। जब तक मैं मोबाइल लेने घर पहुंचा और मोबाइल लेकर बाहर निकल भी नहीं पाया था, तब तक एक ने अंदर से हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। इस दौरान ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। यह भी नहीं देखा कि पब्लिक खड़ी है। किसी और को भी लग जाएगी। एक लड़का था, जितेंद्र, जो उन्हें बचाने दौड़ा तो उस पर भी फायर किया, हालांकि वह कूदकर कार के पीछे आ गया, जिससे उसकी जान बच गई।
पड़ोसी ने बताया कि इस दौरान करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग की गई। जिस आरोपी ने गोली चलाई, उसकी पहचान ऋषभ शुक्ला के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि इस घटना में ऋषभ शुक्ला का पूरा परिवार मिला हुआ है। ये लोग पूरी तैयारी से लगे हुए थे कि इनकी हत्या करनी है।
पड़ोसी ने बताया कि वे लोग पहले ही कह चुके थे कि दीपावली से पहले बड़ा कांड करूंगा। वे लोग जिसको देखते थे, परेशान करते थे। सभी से उनकी दुश्मनी थी। उन्होंने आम लोगों से लेकर पुलिस वालों तक को नहीं छोड़ा था। पुलिस वालों के खिलाफ भी कुछ न कुछ उल्टा-सीधा बोला करते थे।
इस घटना में जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें सुयश तिवारी, शिवेंद्र तिवारी और शिवाजी तिवारी शामिल हैं। अनूप सक्सेना ने बताया कि इनमें शिवाजी तिवारी और शिवेंद्र तिवारी भाई हैं, जबकि, सुयश तिवारी, शिवाजी तिवारी का पुत्र है। सुयश तिवारी की अगले महीने शादी होनी थी।
उन्होंने बताया कि फायरिंग में किसी अन्य को गोली नहीं लगी है। आरोपी ने इन्हीं तीनों पर गोलियां चलाईं। आरोपी ने इस तरीके से इन लोगों पर फायरिंग की कि इनकी मौत हो जाए और आखिरकार यही हुआ है। यह विवाद पार्किंग और पेड़ वाली बात को लेकर हुआ था, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
