Aapka Rajasthan

लखनऊ में भाजपा का ‘दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान’ को लेकर मंथन

लखनऊ, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत प्रदेश स्तरीय योजना बैठक शनिवार को राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित हुई।
 
लखनऊ में भाजपा का ‘दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान’ को लेकर मंथन

लखनऊ, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत प्रदेश स्तरीय योजना बैठक शनिवार को राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित हुई।

बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं के वैचारिक विकास और आगामी जिला प्रशिक्षण वर्गों की रणनीति पर विस्तृत मंथन किया गया।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह और प्रशिक्षण महाभियान के जोनल सहसंयोजक राजू भंडारी ने पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया।

बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी, आईटी एवं सोशल मीडिया से जुड़े कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस दौरान प्रदेश में अब तक सम्पन्न मंडल प्रशिक्षण वर्गों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई और आगामी जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों को लेकर व्यापक रणनीति पर चर्चा हुई।

संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की कार्यकुशलता बढ़ाने और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026’ संगठन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण ही वह आधार है, जो कार्यकर्ताओं को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करता है और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद करता है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इन्हीं आदर्शों से प्रेरित होकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए कार्य करता है। प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में संगठनात्मक दक्षता के साथ-साथ राष्ट्रहित के प्रति समर्पण भी विकसित होता है।

उन्होंने मंडल स्तर पर प्रशिक्षण वर्गों के सफल आयोजन को कार्यकर्ताओं की सक्रियता का प्रमाण बताते हुए निर्देश दिए कि आगामी जिला प्रशिक्षण वर्गों को भी सुव्यवस्थित, समयबद्ध और परिणामोन्मुखी बनाया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा की पहचान एक अनुशासित और वैचारिक कैडर आधारित संगठन के रूप में है, जिसमें प्रशिक्षण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि यह महाभियान कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यशैली और जिम्मेदारियों के प्रति अधिक सक्षम और सजग बनाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि जिला प्रशिक्षण वर्गों की योजना गंभीरता और सूक्ष्मता के साथ बनाई जाए तथा प्रत्येक सत्र को उद्देश्यपूर्ण और सहभागितापूर्ण बनाया जाए।

साथ ही कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण को आत्मसात करते हुए संगठन विस्तार और समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस महाभियान के माध्यम से संगठन और अधिक सशक्त होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को और प्रभावी ढंग से निभाएगा।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी