Aapka Rajasthan

लखनऊ हादसा प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार से जुड़ा हुआ है : अजय राय

लखनऊ, 23 जून (आईएएनएस)। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने लखनऊ घटना की एसआईटी जांच, अयोध्या दान कोष विवाद और विभिन्न राज्यों में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार घटनाओं को रोकने में विफल रहती है और हादसों के बाद केवल जांच का दिखावा करती है।
 
लखनऊ हादसा प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार से जुड़ा हुआ है : अजय राय

लखनऊ, 23 जून (आईएएनएस)। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने लखनऊ घटना की एसआईटी जांच, अयोध्या दान कोष विवाद और विभिन्न राज्यों में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार घटनाओं को रोकने में विफल रहती है और हादसों के बाद केवल जांच का दिखावा करती है।

लखनऊ घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने कहा कि सरकार बड़ी-बड़ी बातें तो करती है, लेकिन अपने मूल दायित्वों का निर्वहन नहीं करती। जब कोई बड़ी घटना घट जाती है, तभी जांच शुरू की जाती है। उन्होंने कहा कि अब पूरे प्रदेश में कोचिंग संस्थानों की जांच करवाई जा रही है, लेकिन सवाल यह है कि पहले जांच क्यों नहीं कराई गई। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इस तरह की घटना होना बेहद गंभीर मामला है।

अजय राय ने दावा किया कि उनकी जानकारी के अनुसार जिस भवन में हादसा हुआ, उसे ध्वस्त करने का आदेश पहले ही दिया जा चुका था और वह अवैध निर्माण की श्रेणी में था। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि भवन को गिराने का आदेश था तो उसे समय रहते क्यों नहीं गिराया गया। इस हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की मौत केवल आग की वजह से नहीं हुई, बल्कि बायोमेट्रिक प्रवेश द्वार बंद हो जाने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके। उनके अनुसार हादसे के समय दरवाजा नहीं खुला और इसी वजह से कई लोगों की जान चली गई।

अजय राय ने आरोप लगाया कि यह मामला प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार से जुड़ा हुआ है। भवन को गिराने के आदेश के बावजूद कार्रवाई न होना गंभीर सवाल खड़े करता है। इस हादसे की जिम्मेदारी सरकार पर जाती है। इसमें सरकार के अधिकारी दोषी हैं। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए। संबंधित अधिकारियों पर हत्या का मामला दर्ज कर जेल भेजा जाना चाहिए। इस मामले में कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

अयोध्या दान कोष विवाद को लेकर गठित एसआईटी पर भी अजय राय ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोगों को भ्रमित करने के लिए एसआईटी बनाई गई है। जब एसआईटी में पहले से ही दागदार अधिकारी शामिल हैं तो उसका औचित्य क्या है? अभी तक किसी व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, ऐसे में एसआईटी किस आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है?

उन्होंने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार वास्तव में ईमानदार है और खुद को रामभक्त मानती है, तो उसे तत्काल हाईकोर्ट के किसी सिटिंग जज से इस पूरे मामले की जांच कराने का आदेश देना चाहिए, तभी जनता का भरोसा कायम हो सकेगा।

मध्य प्रदेश में नए हाईवे निर्माण वाले क्षेत्रों में मुख्यमंत्री मोहन यादव के परिजनों द्वारा जमीन खरीदने से जुड़े आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। चाहे उत्तर प्रदेश हो या कोई अन्य राज्य, भाजपा सरकारों में भ्रष्टाचार बढ़ा है। स्कूल और कॉलेज भाजपा से जुड़े लोग बनवा रहे हैं और जमीनों पर कब्जे कराए जा रहे हैं।

अजय राय ने बिहार की एक घटना का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि वहां एक बच्चे को पुलिस ने फर्जी एनकाउंटर में गोली मार दी। इसके अलावा, उन्होंने पश्चिम बंगाल की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि जहां भी भाजपा की सरकार है, वहां हालात खराब हैं और जनता विभिन्न समस्याओं का सामना कर रही है।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम