Aapka Rajasthan

एलपीयू में छात्रा से दुष्कर्म की खबर पर छात्रों ने किया हंगामा, मुकदमा दर्ज

जालंधर, 27 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में शनिवार रात छात्रों ने भारी हंगामा किया। एक छात्रा से कथित दुष्कर्म की सूचना के सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल होने के बाद शनिवार देर रात 2 बजे छात्रों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने रेप का मुकदमा दर्ज किया है।
 

जालंधर, 27 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में शनिवार रात छात्रों ने भारी हंगामा किया। एक छात्रा से कथित दुष्कर्म की सूचना के सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल होने के बाद शनिवार देर रात 2 बजे छात्रों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने रेप का मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक मैसेज तेजी से वायरल हुआ, जिसमें आरोप लगाया गया था कि किसी बाहरी व्यक्ति ने यूनिवर्सिटी की एक छात्रा के साथ रेप किया है। इस मैसेज के वायरल होते ही छात्रों में आक्रोश फैल गया।

गुस्साए छात्रों ने पहले गर्ल्स हॉस्टल के पास प्रदर्शन शुरू किया और फिर देखते ही देखते यह प्रदर्शन उग्र हो गया। छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर भारी तोड़फोड़ की और एक कैंपस में आग भी लगा दी। हंगामा इतना बढ़ गया कि प्रदर्शन करते हुए छात्र यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर आ गए।

गेट पर भी छात्रों ने तोड़फोड़ की और उसके बाद चंडीगढ़-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना लगा दिया। छात्रों ने हाईवे को बंद कर दिया, जिससे वहां जाम लग गया और आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही कपूरथला के एसपी गौरव तूरा शनिवार रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, यह पूरा प्रदर्शन गर्ल्स हॉस्टल के पास से शुरू हुआ था। इसकी मुख्य वजह सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वह मैसेज है, जिसमें किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा छात्रा के साथ रेप का आरोप लगाया गया है।

वहीं, डीआईजी नवीन सिंगला ने कहा कि रेप की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि स्टूडेंट्स ने कहा है कि एफआईआर कॉपी मिलते ही हाईवे का जाम खोल दिया जाएगा। वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने भी रेप के आरोपों को बेबुनियाद बताया। साथ ही, छात्रों से अपील की है कि वे अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी प्रदर्शन या धरने में भाग न लें।

बता दें कि छात्रों के हंगामे के बाद एलपीयू प्रशासन की ओर से बयान जारी किया गया। इसमें कहा गया- हम छात्रों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि सभी छात्र कैंपस में पूरी तरह सुरक्षित हैं। सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहें झूठी और भ्रामक हैं और इन्हें शरारती तत्वों द्वारा फैलाया गया है। छात्र किसी भी अराजकता में भाग न लें, अपने हॉस्टल/कमरे/आवास के अंदर सुरक्षित रहें और किसी भी उत्तेजक या विघटनकारी गतिविधियों में शामिल होने से बचें। परिसर में शांत और व्यवस्थित माहौल बनाए रखने में सहयोग करें।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम