लंदन स्क्वैश क्लासिक: अनाहत और रमित की जीत के साथ शुरुआत, प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश
लंदन, 2 सितंबर (आईएएनएस)। लंदन स्क्वैश क्लासिक में भारत की अनाहत सिंह और रमित टंडन ने जीत के साथ शुरुआत की। दोनों ने सीधे गेम में जीत हासिल करते हुए पीएसए गोल्ड टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जबकि वीर चोटरानी बुधवार को शुरुआती दौर में ही बाहर हो गए।
महिलाओं की वर्ल्ड नंबर 20 और मौजूदा जूनियर वर्ल्ड चैंपियन अनाहत ने दिन का सबसे शानदार भारतीय प्रदर्शन किया। उन्होंने वर्ल्ड नंबर 30 खिलाड़ी मिस्र की मरियम मेटवाली को 11-3, 11-2 से मात दी। इस जीत के लिए उन्हें सिर्फ 11 मिनट का समय लगा।
इस भारतीय टीनएजर ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी और मेटवाली को मैच में जमने का ज्यादा मौका नहीं दिया। पहला गेम तेजी से जीतने के बाद, अनाहत ने दूसरे गेम में भी अपना दबदबा बनाए रखा और 1,44,000 अमेरिकी डॉलर इनामी राशि वाले पीएसए गोल्ड इवेंट के अगले दौर में अपनी जगह सुनिश्चित की। उनकी अगली चुनौती काफी मुश्किल होगी, क्योंकि गुरुवार को होने वाले प्री-क्वार्टर फाइनल में उनका सामना बेल्जियम की वर्ल्ड नंबर 11 नेले गिलिस से होगा।
पुरुषों के ड्रॉ में, वर्ल्ड नंबर 42 रमित टंडन ने भी बिना कोई गेम गंवाए अगले दौर में जगह बनाई। उन्होंने 20 मिनट तक चले शुरुआती दौर के मुकाबले में कतर के अब्दुल्ला अल-तमीमी को 11-6, 11-7 से हराया।
टंडन ने दोनों गेम में अपना दबदबा बनाए रखा और प्री-क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की, जहां बुधवार को उनका सामना आठवीं वरीयता प्राप्त मोहम्मद एलशोरबागी से होगा। मिस्र में जन्मे एलशोरबागी अब इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करते हैं और भारतीय खिलाड़ी के लिए एक बड़ी चुनौती पेश करेंगे। हालांकि, वर्ल्ड नंबर 38 वीर चोटरानी के लिए निराशाजनक खबर रही, जिन्हें स्विट्जरलैंड के यानिक विल्हेल्मी ने कड़े मुकाबले में सीधे गेम में हरा दिया।
वर्ल्ड नंबर 34 खिलाड़ी विल्हेल्मी ने दोनों गेम एक ही अंतर (11-9) से जीते और चोटरानी के सफर को जल्दी खत्म कर दिया। लंदन स्क्वैश क्लासिक भारत के टॉप खिलाड़ियों के लिए अहम इंटरनेशनल कॉम्पिटिशन बना हुआ है। अनाहत और चोटरानी, दोनों ही जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों के लिए तैयारी कर रही भारतीय स्क्वैश टीम का हिस्सा हैं।
अनाहत और टंडन के प्री-क्वार्टर फाइनल में सुरक्षित रूप से पहुंचने के बाद, भारत अब इस सीजन के अहम पीएसए वर्ल्ड टूर गोल्ड इवेंट में पहले दिन के शानदार प्रदर्शन को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा।
--आईएएनएस
आरएसजी
