लोकतांत्रिक देश में छात्रों और नौजवानों पर गोलियों और लाठियों से प्रहार की उम्मीद नहीं थी: आरजेडी
नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह और राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने झारखंड में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन, भाजपा के बंद आह्वान, अमित शाह के बयान और वंदे मातरम बिल पर प्रतिक्रिया दी।
झारखंड में 'विधानसभा घेराव' मार्च के दौरान छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई पर सुधाकर सिंह ने कहा, "यह बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब भी छात्र अपने अधिकारों के लिए सरकार के पास जाते हैं, चाहे वह इंडिया ब्लॉक की सरकार हो या एनडीए की, तो उनसे गोलियों और लाठियों की भाषा में ही बात की जाती है। लोकतांत्रिक देश में ऐसी उम्मीद नहीं थी।"
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा झारखंड बंद के आह्वान पर आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "यह स्वाभाविक है कि वहां विपक्ष में होने के नाते भाजपा इस मुद्दे पर आंदोलन का नेतृत्व करने में अपनी भूमिका निभाएगी, हालांकि जब दिल्ली में लाठीचार्ज हुआ तो भाजपा के लोग अपने ऑफिस और घरों में बैठे हुए थे।"
जेपी नड्डा ने कहा है कि राहुल गांधी संसद में आइए, चर्चा से मत भागिए। जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई पर अमित शाह जवाब देंगे। इस बयान पर सुधाकर सिंह ने कहा, "15 दिन हो गए हैं, अमित शाह लोकसभा नहीं आए हैं। आज की कार्यसूची में भी अमित शाह द्वारा जंतर-मंतर की घटना पर चर्चा में भाग लेने का कोई जिक्र नहीं है। एनडीए के नेता देश की जनता और सदन को गुमराह कर रहे हैं।"
भाजपा द्वारा झारखंड बंद आह्वान पर भाई वीरेंद्र ने कहा, "पूरे हिंदुस्तान में छात्र, नौवजवान और जेन जी अपने भविष्य की चिंता को लेकर सड़क पर हैं। जिस देश में नौजवान जगह जाता है तो सरकार को झुकना ही पड़ता है। मैं झारखंड के मुख्यमंत्री से आग्रह करता हूं कि छात्रों की जायज मांग को मान लीजिए।"
15 अगस्त को लाल किले पर पहली बार वंदे मातरम गीत गाए जाने के प्रस्ताव पर राजद विधायक ने कहा, "मैं वंदे मातरम के खिलाफ नहीं हूं। मुझे लगता है कि सरकार को ऐसी चीजों से बचना चाहिए और बेरोजगार, महंगाई पर अंकुश लगाने और देश में अमन शांति के लिए काम करना चाहिए। भाजपा के लोग देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। छात्र और नौजवान जाग चुके हैं, इसलिए इस बार एनडीए की सरकार का जाना तय है।"
--आईएएनएस
ओपी/वीसी
