'लोकतंत्र में सभी को अपनी पार्टी चुनने का हक', रुवा शाह के पीडीपी में आने की अटकलों पर आगा सैयद मुंतजिर मेहदी
बडगाम, 20 नवंबर (आईएएनएस)। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के विधायक आगा सैयद मुंतजिर मेहदी ने हुर्रियत नेता सैयद अली शाह गिलानी की पोती रुवा शाह के मुख्यधारा की राजनीति में आने और पीडीपी में शामिल होने की संभावनाओं पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी पसंद की राजनीतिक पार्टी से जुड़ने और जनता का प्रतिनिधित्व करने का अधिकार है। यदि रुवा शाह को लगता है कि पीडीपी जम्मू-कश्मीर के लोगों की भावनाओं और राजनीतिक शिकायतों को विधानसभा में उठा सकती है, तो उनका पार्टी में शामिल होना स्वागत योग्य कदम होगा। इसके साथ ही, उन्होंने किश्तवाड़ में दो एसपीओ की हत्या और विधायक शगुन परिहार की ओर से कथित तौर पर दिए गए बयान की जांच कराने की मांग की है।
आगा सैयद मुंतजिर मेहदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों ने विधानसभा को अपनी भावनाओं, विचारों और राजनीतिक शिकायतों को सामने रखने के लिए वैधता दी है। इसी विश्वास के कारण बड़ी संख्या में लोग चुनावी राजनीति का हिस्सा बन रहे हैं। उनका उद्देश्य विधानसभा के माध्यम से जनता की आवाज़ उठाना और क्षेत्र के राजनीतिक मुद्दों की वकालत करना है। लोगों को उम्मीद है कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा उनके जज़्बात और एहसासात का प्रतिनिधित्व कर सकती है।
पीडीपी विधायक ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति जम्मू-कश्मीर की राजनीतिक शिकायतों के समाधान और यहां के लोगों की भावनाओं की रक्षा करने के उद्देश्य से विधानसभा का हिस्सा बनना चाहता है, तो इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इसे स्वागत योग्य कदम बताते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में सभी को मिलकर काम करने की जरूरत है, ताकि जम्मू-कश्मीर जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, उनसे बाहर निकलने का रास्ता निकाला जा सके।
रुवा शाह के संभावित राजनीतिक फैसले पर उन्होंने कहा कि वह उन्हें अपनी बहन की तरह मानते हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस संबंध में उन्हें केवल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ही जानकारी मिली है। अभी तक उनके सामने ऐसी कोई औपचारिक जानकारी नहीं आई है कि रुवा शाह ने किसी राजनीतिक दल में शामिल होने का फैसला कर लिया है।
उन्होंने कहा कि यदि रुवा शाह किसी राजनीतिक पार्टी का हिस्सा बनना चाहती हैं, तो यह पूरी तरह उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्हें यह चुनने की स्वतंत्रता है कि वह किस दल के माध्यम से जम्मू-कश्मीर के लोगों का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं। मेहदी ने कहा कि अगर उन्हें लगता है कि पीडीपी ही वह पार्टी है जो इस समय जम्मू-कश्मीर के लोगों के जज्बात और एहसासात को प्रभावी ढंग से सामने रख सकती है और उनके मुद्दों की वकालत कर सकती है, तो उनका पार्टी में आना खुशी की बात होगी। इस फैसले पर भाजपा या किसी अन्य दल को भी आपत्ति नहीं होनी चाहिए। राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर जम्मू-कश्मीर के लोगों को मौजूदा चुनौतियों से बचाने और उनके मुद्दों को उठाने पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
किश्तवाड़ में दो एसपीओ की हत्या के मामले पर आगा सैयद मुंतजिर मेहदी ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि दो एसपीओ की हत्या एक गंभीर घटना है और इसकी पूरी जांच होनी चाहिए। उन्होंने विधायक शगुन परिहार की ओर से कथित तौर पर दिए गए उस बयान की भी निंदा की, जिसमें मस्जिद से निर्देश मिलने की बात कही गई थी। मेहदी ने कहा कि इस घटना के बाद सबसे पहले यह पता लगाने की जरूरत थी कि दोनों एसपीओ की हत्या किसने की। जांच के जरिए यह स्पष्ट होना चाहिए कि इस घटना में स्टेट एक्टर्स शामिल थे या नॉन-स्टेट एक्टर्स। उनका आरोप है कि इस सवाल की जांच पर जोर देने के बजाय मस्जिद और मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाया गया, ताकि राजनीतिक लाभ हासिल किया जा सके।
उन्होंने कहा कि वह दोनों घटनाक्रमों की पुरजोर निंदा करते हैं। साथ ही, सरकार और उपराज्यपाल से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हैं। इस समय एक समुदाय को निशाना बनाए जाने का मुद्दा भी सामने आया है। ऐसे में सरकार और उपराज्यपाल की जिम्मेदारी है कि घटना से जुड़ी सच्चाई लोगों के सामने लाई जाए। उन्होंने जांच में तेजी लाने की मांग करते हुए कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि दोनों एसपीओ की हत्या के पीछे स्टेट एक्टर्स थे या नॉन-स्टेट एक्टर्स। जांच पूरी होने और तथ्य सामने आने से ही लोगों को वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा। उन्होंने सरकार से अपील की कि मामले की तहकीकात जल्द पूरी कराई जाए, ताकि किसी समुदाय को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के बजाय घटना के वास्तविक ज़िम्मेदारों की पहचान हो सके।
--आईएएनएस
पीएसके
