Aapka Rajasthan

'लोकतंत्र की रक्षक कांग्रेस कैसे?' वीडी सतीशन पर भाजपा का निशाना

तिरुवनंतपुरम, 28 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर केरल की राजनीति में जुबानी जंग तेज हो गई है। सीएम वीडी सतीशन की सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के सुरेंद्रन ने कांग्रेस के लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के दावों पर सवाल उठाए और उन पर पाखंड का आरोप लगाया।
 

तिरुवनंतपुरम, 28 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर केरल की राजनीति में जुबानी जंग तेज हो गई है। सीएम वीडी सतीशन की सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के सुरेंद्रन ने कांग्रेस के लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के दावों पर सवाल उठाए और उन पर पाखंड का आरोप लगाया।

के सुरेंद्रन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर वीडी सतीशन की पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा, "यह दुस्साहस हैरान करने वाला है।" उन्होंने कहा कि वीडी सतीशन का राहुल गांधी का बचाव करते हुए लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता की बात करना पाखंडपूर्ण है।

सुरेंद्रन ने कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए सवाल किया कि जब देश में आपातकाल लगाया गया, नागरिक स्वतंत्रताओं को निलंबित किया गया, प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई और राजनीतिक विरोधियों को जेल में डाला गया, तब लोकतंत्र की रक्षा कैसे हुई थी?

उन्होंने धर्मनिरपेक्षता के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। सुरेंद्रन ने सवाल उठाया कि जब कश्मीरी पंडितों को अपनी मातृभूमि छोड़नी पड़ी, तब कांग्रेस की चिंता कहां थी? उन्होंने तीन तलाक के मुद्दे पर भी कई दशकों तक कांग्रेस के रुख को लेकर सवाल खड़ा किया।

सुरेंद्रन ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एन. गोपालस्वामी से जुड़े मामले का भी उल्लेख किया। उन्होंने सवाल किया कि जब गोपालस्वामी ने चुनाव आयुक्त नवीन चावला के कथित राजनीतिक जुड़ाव को लेकर चिंता जताई थी, तब ऐसी सक्रियता कहां थी?

उन्होंने यूपीए शासन के दौरान महत्वपूर्ण संवैधानिक पदों पर नियुक्तियों को लेकर राजनीतिक प्रभाव के सवाल उठने का जिक्र करते हुए कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर भी सवाल किया।

दरअसल, सुरेंद्रन की यह प्रतिक्रिया वीडी सतीशन की उस एक्स पोस्ट के बाद सामने आई, जिसमें उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी को लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता का रक्षक बताया था।

सतीशन ने अपनी पोस्ट में कहा था, "कांग्रेस और राहुल गांधी लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के रक्षक हैं। क्या राजीव चंद्रशेखर सहित भाजपा का कोई भी नेता अपने सीने पर हाथ रखकर ईमानदारी से कह सकता है कि वह धर्मनिरपेक्षता की रक्षा के लिए खड़ा है?"

सतीशन ने आरोप लगाया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और केरल का नागरिक समाज इसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं करेगा।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक गरिमा और मर्यादा बनाए रखने की जिम्मेदारी वाले पद पर रहते हुए आधारहीन आरोप और हल्की बयानबाजी करना राजनीतिक दिवालियापन को दिखाता है।

सतीशन ने कहा कि राजीव चंद्रशेखर को याद रखना चाहिए कि जब वह राहुल गांधी की ओर एक उंगली उठाते हैं तो बाकी उंगलियां उनकी अपनी ओर होती हैं।

उन्होंने चुनाव आयोग की विश्वसनीयता और स्वायत्त संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर भी गंभीर सवाल उठने का दावा किया। सतीशन ने आरोप लगाया कि संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को सांप्रदायिक हितों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है और राहुल गांधी तथा कांग्रेस इसके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।

सतीशन ने दावा किया कि राहुल गांधी और कांग्रेस की ओर से उठाई जा रही आवाज से संघ परिवार असहज है। उन्होंने कहा कि असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए की जा रही इस तरह की बयानबाजी सफल नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि मौलिक अधिकारों और सभी के लिए समान न्याय की रक्षा को लेकर राहुल गांधी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की लड़ाई को धमकियों या डराने की कोशिशों से कमजोर नहीं किया जा सकता।

सतीशन ने भाजपा से कहा कि उसे खोखले दावों और जनविरोधी नीतियों को छोड़कर लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों का जवाब देना चाहिए।

केरल के सीएम वीडी सतीशन की इसी पोस्ट पर जवाब देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के सुरेंद्रन ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी