लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित होंगे एनएसए अजीत डोभाल
पुणे, 20 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल को राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान लोकमान्य तिलक मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक वर्ष उन विशिष्ट हस्तियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने भारत के विकास और वैश्विक स्तर पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो।
इस वर्ष ट्रस्ट ने राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में डोभाल की असाधारण सेवाओं को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना है।
लोकमान्य तिलक मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. रोहित तिलक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया कि इस पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1983 में हुई थी। तब से लेकर अब तक यह सम्मान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित हस्तियों को प्रदान किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योग, अर्थशास्त्र, विज्ञान सहित कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। ट्रस्ट का उद्देश्य ऐसे व्यक्तित्वों के अनुभव और उपलब्धियों को समाज तथा नई पीढ़ी के सामने लाना है, ताकि उनसे प्रेरणा ली जा सके।
डॉ. रोहित तिलक ने बताया कि इस वर्ष जब ट्रस्ट के सभी सदस्य पुरस्कार के लिए नाम पर विचार-विमर्श कर रहे थे, तब सर्वसम्मति से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का नाम सामने आया। उन्होंने कहा कि डोभाल ने अपने पूरे करियर में देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य किया है। बहुत कम उम्र में उन्होंंने खुफिया तंत्र में अपनी सेवाएं शुरू कीं और कई चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बिना देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में योगदान देने वाले किसी व्यक्ति को अब तक यह सम्मान नहीं मिला था, इसलिए इस बार ट्रस्ट ने डोभाल को सम्मानित करने का निर्णय लिया।
रोहित तिलक ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के रूप में अजीत डोभाल की भूमिका कई महत्वपूर्ण अभियानों में बेहद अहम रही है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर, बालाकोट एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे अभियानों में उनकी विशेष भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और रणनीतिक निर्णयों में उनके योगदान को व्यापक रूप से सराहा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रस्ट को इस बात की खुशी है कि अजीत डोभाल ने इस सम्मान को स्वीकार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह एक अगस्त को पुणे में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी समारोह में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर देश के विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की भी संभावना है।
--आईएएनएस
एएसएच/पीएम
