Aapka Rajasthan

लाइक-फॉलोअर्स की सनक पड़ी भारी: एआई से एसएसबी कैम्प को किया ब्लास्ट, इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते ही चढ़ा पुलिस के हत्थे

लखनऊ, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के महराजगंज से बुधवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर होने, लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स बटोरने का खुमार एक युवक पर इस कदर हावी हुआ कि उसने देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर डाला।
 

लखनऊ, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के महराजगंज से बुधवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर होने, लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स बटोरने का खुमार एक युवक पर इस कदर हावी हुआ कि उसने देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर डाला।

युवक ने भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कैम्प को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से ब्लास्ट करते हुए दिखाया और इस सनसनीखेज वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर कर दिया। ​

जैसे ही यह भड़काऊ और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने फौरन डिजिटल सर्विलांस का सहारा लिया और कार्रवाई करते हुए अभियुक्त फैयाज अहमद को दबोच लिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त के अकाउंट से उस आपत्तिजनक वीडियो को तुरंत डिलीट करवाया और उसे गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान फैयाज के रूप में हुई है। पुलिस की ओर से अभियुक्त के खिलाफ चालान कर उसे अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया गया है। ​

वहीं, पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के चक्कर में शांति भंग करने या सुरक्षा बलों पर अभद्र/भ्रामक सामग्री बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

एक दूसरा मामला बुधवार को गुजरात से सामने आया, जहां अहमदाबाद पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) ने फेसबुक के जरिए एक बुजुर्ग व्यक्ति को हनीट्रैप में फंसाकर उससे 24 लाख रुपए की उगाही करने के आरोप में 39 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बोटाद जिले के ठींकवाड़ी गांव निवासी अल्पेश सोलंकी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से 1 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं, जो कथित तौर पर उगाही के ताजा प्रयास के दौरान शिकायतकर्ता से लिए गए थे। पुलिस के अनुसार, यह मामला 5 अक्टूबर की रात को सामने आया, जब आनंदनगर पुलिस थाने को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि एक गिरोह ने कथित तौर पर एक बुजुर्ग व्यक्ति और उसके बेटे को ब्लैकमेल कर उनसे काले रंग के बैग में 1 लाख रुपए ले लिए हैं।

सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस उपायुक्त (जोन-7) शिवम वर्मा ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा इलाके में कड़ी नाकाबंदी करने के आदेश दिए।

पुलिस उपनिरीक्षक एचडी वाघेला के नेतृत्व में एलसीबी जोन-7 की टीमों ने एसजी हाईवे पर व्यापक गश्त और वाहनों की जांच शुरू की। विशेष सूचना के आधार पर पुलिस ने कंट्रोल रूम से मिले हुलिए से मेल खाने वाले एक व्यक्ति को कर्णावती ब्रिज के नीचे काले बैग के साथ छिपा हुआ पाया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके पास से 1 लाख रुपए नकद बरामद किए।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी