लेबनान पर इजरायली हमले जारी, प्रधानमंत्री सलाम ने मित्र देशों से लगाई मदद की गुहार
बेरूत/तेल अवीव, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। इजरायल की सेना ने स्पष्ट किया कि वो लेबनान में हिज्बुल्लाह के खिलाफ हमले जारी रखेगी और उन पर वार का कोई मौका नहीं छोड़ेगी। इजरायल डिफेंस फोर्सेस के अनुसार उसके 50 फाइटर जेट्स ने 10 मिनट में 100 हिज्बुल्लाह टारगेट्स पर 160 बम गिराए। इसमें भारी संख्या में लोगों के मारे जाने और घायल होने की खबर है। इस बीच लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने अपने सहयोगी देशों से मदद की गुहार लगाई है।
एक बयान जारी कर उन्होंने यूएस-ईरान संघर्ष विराम का स्वागत करते हुए कहा, इजरायल घनी आबादी वाले लेबनानी इलाकों पर हमला कर रहा है और "बेबस नागरिकों" को मार रहा है।
लेबनान के प्रधानमंत्री ने कहा कि इजरायल “युद्ध को रोकने के लिए सभी क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कोशिशों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर रहा है। इजरायल अंतर्राष्ट्रीय कानून और अंतर्राष्ट्रीय मानवीय कानून के सिद्धांतों की पूरी तरह से अनदेखी कर रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, “लेबनान के सभी दोस्तों से अपील है कि वे हर तरह से इन हमलों को खत्म करने में हमारी मदद करें।”
इस बीच अल जजीरा से बात करते हुए लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री राकन नासेरेद्दीन ने कहा कि बुधवार को किए हमले में 100 लोगों की जान गई। बेरूत और दूसरे इलाकों में इजरायली एयरस्ट्राइक की वजह से अस्पताल मृतकों और घायलों से भरे हुए हैं। वहीं लेबनानी रेड क्रॉस का कहना है कि उसकी 100 एम्बुलेंस अभी भी प्रभावित इलाकों में काम कर रही हैं।
इजरायल के जनरल स्टाफ के चीफ, लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर ने साफ कहा है कि सेना बिना किसी समझौते के हिज्बुल्लाह पर हमला जारी रखेगी।
इजरायली सेना के एक बयान के मुताबिक, “हम हिज्बुल्लाह पर हमला जारी रखेंगे और हर मौके का फायदा उठाएंगे।” उन्होंने कहा, “हम उत्तर के अपने निवासियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेंगे। हम बिना रुके हमला करते रहेंगे।”
--आईएएनएस
केआर/
