लौरा वोल्वार्ट ने की धमाकेदार पारी, भारत के खिलाफ साउथ अफ्रीका ने 6 विकेट खोकर बनाए 155 रन
बेनोनी, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम और साउथ अफ्रीका के बीच सोमवार को सीरीज का पांचवां और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 155 रन लगाए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी रही। सुने लुस और कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने पहले विकेट के लिए मिलकर 8.6 ओवर में 75 रन जोड़े। लुस 23 रन बनाकर श्री चरणी का शिकार बनीं। इसके बाद ताजमिन ब्रिट्स बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और वह महज 2 रन बनाकर आउट हुईं। एनेरी डेर्कसेन को दीप्ति शर्मा ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा।
वहीं, एनेके बॉश भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हुईं। क्लोई ट्रायोन का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा और वह 10 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 12 रन ही बना सकीं। नादिन डी क्लर्क को सिर्फ एक रन के स्कोर पर रेणुका सिंह ने पवेलियन भेजा।
हालांकि, कप्तान लौरा एक छोर संभालकर खड़ी रहीं और उन्होंने 56 गेंदों का सामना करते हुए 92 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 11 चौके और 2 छक्के लगाए। हालांकि, लौरा को दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। गेंदबाजी में भारत की ओर से श्री चरणी ने 22 रन देकर 2 विकेट निकाले। वहीं, दीप्ति शर्मा ने 37 रन देकर दो विकेट झटके, जबकि रेणुका सिंह ने 21 रन खर्च करते हुए दो विकेट अपने नाम किए। पांच मैचों की टी20 सीरीज में साउथ अफ्रीका 3-1 की पहले ही अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है।
भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन: शेफाली वर्मा, अनुष्का शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, श्री चरणी और रेणुका सिंह ठाकुर।
साउथ अफ्रीका टीम की प्लेइंग इलेवन: लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), सुने लुस, टैजमिन ब्रिट्स, एनेरी डेरकसेन, एनेके बॉश, क्लो ट्रायोन, नादिन डे क्लर्क, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), एलिज-मारी मार्क्स, अयाबोंगा खाका और नॉनकुलुलेको म्लाबा।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
