Aapka Rajasthan

लतीफ भट्ट के मारे जाने से कश्मीर में आतंकियों को बड़ा झटका : रक्षा विशेषज्ञ

जम्मू, 18 नवंबर (आईएएनएस)। कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ के दौरान द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के कमांडर लतीफ भट्ट के मारे जाने को सुरक्षा बलों के लिए बड़ी कामयाबी बताया जा रहा है। इस कार्रवाई पर रिटायर्ड कर्नल अजय रैना और रक्षा विशेषज्ञ कैप्टन अनिल गौर ने प्रतिक्रिया दी है। दोनों ने सुरक्षाबलों की सतर्कता और कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ अभियान में यह महत्वपूर्ण सफलता है।
 

जम्मू, 18 नवंबर (आईएएनएस)। कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ के दौरान द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के कमांडर लतीफ भट्ट के मारे जाने को सुरक्षा बलों के लिए बड़ी कामयाबी बताया जा रहा है। इस कार्रवाई पर रिटायर्ड कर्नल अजय रैना और रक्षा विशेषज्ञ कैप्टन अनिल गौर ने प्रतिक्रिया दी है। दोनों ने सुरक्षाबलों की सतर्कता और कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ अभियान में यह महत्वपूर्ण सफलता है।

रिटायर्ड कर्नल अजय रैना ने कहा कि लतीफ बट कश्मीर में सक्रिय आतंकियों का आखिरी बचा हुआ कमांडर था। उन्होंने बताया कि लतीफ पहले बढ़ई का काम करता था और उसने कॉलेज की पढ़ाई भी बीच में छोड़ दी थी। बाद में वह हनीट्रैप में फंसा और आतंकवादी संगठन टीआरएफ का कमांडर बन गया।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान लतीफ एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। धार्मिक स्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने को कहा। रैना ने कहा कि आतंकवादी चाहे मस्जिद में छिपें या मंदिर में, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी क्योंकि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है।

जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि 2018-2019 में एक सप्ताह के भीतर तीन-तीन हमले हो जाते थे जबकि 2026 में अब तक केवल तीन हमले हुए हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और आतंकवादी विचारधारा दो अलग-अलग चुनौतियां हैं। आतंकवादियों को खत्म किया जा सकता है लेकिन किसी विचारधारा को समाप्त करने में वर्षों लग जाते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कश्मीर की घटनाओं को कई बार सनसनीखेज बनाया जाता है क्योंकि कश्मीर से जुड़ी खबरों को ज्यादा महत्व मिलता है। कांग्रेस नेता तारिक हमीद कर्रा द्वारा सुरक्षाबलों पर लगाए गए आरोपों को उन्होंने अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि सेना को बदनाम करने और देश के भरोसे को कमजोर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

रक्षा विशेषज्ञ कैप्टन अनिल गौर ने भी लतीफ भट्ट के मारे जाने को सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी बताया। उन्होंने कहा कि लतीफ पहले अंडरग्राउंड वर्कर था, जिसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में उसने हथियार उठा लिया और आतंकवादी गतिविधियों में शामिल हो गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि लतीफ कुलगाम में प्रवासी मजदूरों पर गोलीबारी और हाल ही में सीआरपीएफ की चेकपोस्ट पर हुए हमले में शामिल था। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ के दौरान सेना के अधिकारी ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया। यह सुरक्षाबलों की मानवाधिकारों को लेकर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

कैप्टन गौर ने कहा कि राजनेताओं द्वारा बार-बार सुरक्षाबलों पर सवाल उठाने से उनका मनोबल प्रभावित होता है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे आतंकवादियों को मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क की पहचानने और अंडरग्राउंड व ओवरग्राउंड आतंकी कार्यकर्ताओं की जानकारी पुलिस को देने में सहयोग करें। आतंकवाद के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आम लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम