Aapka Rajasthan

लंबे समय तक पडिक्कल को भारतीय टीम से बाहर रखना मुश्किल होगा : दिनेश कार्तिक

नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाजी कोच और मेंटर दिनेश कार्तिक का मानना है कि आईपीएल 2026 में देवदत्त पडिक्कल अगर मौजूदा फॉर्म को जारी रखने में सफल रहते हैं, तो उन्हें भारतीय टीम से बाहर रखना काफी मुश्किल होगा।
 
लंबे समय तक पडिक्कल को भारतीय टीम से बाहर रखना मुश्किल होगा : दिनेश कार्तिक

नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाजी कोच और मेंटर दिनेश कार्तिक का मानना ​​है कि आईपीएल 2026 में देवदत्त पडिक्कल अगर मौजूदा फॉर्म को जारी रखने में सफल रहते हैं, तो उन्हें भारतीय टीम से बाहर रखना काफी मुश्किल होगा।

रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सीजन का लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 29 गेंदों में 50 रनों की दमदार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 172 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 5 चौके और दो छक्के लगाए। पडिक्कल की पारी ने आरसीबी के बड़े टोटल की नींव रखी, जिसके दम पर टीम 20 ओवर में 3 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 250 रन लगाने में सफल रही।

दिनेश कार्तिक ने जियोस्टार के साथ बात करते हुए कहा, "सबसे पहली बात जो सामने आती है, वह है उनका पक्का इरादा। ऐसी पिच पर जहां शुरुआत में रन आसानी से नहीं बनते, तो कई बल्लेबाज बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में विकेट गंवा बैठते हैं। जब हालात मुश्किल थे, तब भी देवदत्त ने सब्र बनाए रखने का साहस दिखाया। जैसे ही उन्हें पहली बाउंड्री मिली, उन्होंने अपनी बल्लेबाजी करने का अंदाज बदल दिया। वह एकदम सही क्रिकेटिंग शॉट्स खेल रहे हैं और गेंद को शानदार तरीके से हिट कर रहे हैं। अगर वह इसी तरह बल्लेबाजी करते रहे, तो उन्हें लंबे समय तक भारतीय टीम से बाहर रखना मुश्किल होगा। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में भी खूब रन बनाए हैं और हम जानते हैं कि वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं।"

कार्तिक ने आगे कहा, "पडिक्कल की एक और बात जो मुझे बहुत अच्छी लगती है, वह यह है कि वह कर्नाटक के ड्रेसिंग रूम में एक लीडर के तौर पर आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभा रहे हैं। 25 साल की उम्र में भी वह अपने आइडिया और लीडरशिप से टीम में योगदान देते हैं और यह देखना बहुत अच्छा लगता है।"

कार्तिक ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 25 गेंदों में 70 रनों की तूफानी पारी खेलने वाले टिम डेविड की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "टिम डेविड गेंद को बहुत जोरदार तरीके से हिट करने वाले एक बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। उनका बैट स्विंग बहुत स्मूद है, उनका कद लंबा है और बड़े शॉट खेलने के लिए जरूरी सभी खूबियां उनमें मौजूद हैं। टिम डेविड के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि वह प्रैक्टिस के दौरान सभी खूबियों को लगातार बनाए रखें।"

कार्तिक ने कहा कि डेविड के लिए अहम है कि वह नेट्स में प्रैक्टिस के दौरान ज्यादा से ज्यादा गेंदों का सामना करें। वह मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं, इसलिए टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों के मुकाबले उन्हें एक मैच में अक्सर कम गेंदें खेलने को मिलती हैं। इसी वजह से नेट्स में यह जरूरी है कि वह काफी गेंदें खेलें और अच्छी लय में रहें। उनके खेल का बाकी हिस्सा पहले से ही बहुत मजबूत है।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम