लघु उद्योग दिवस के अवसर पर सीएम योगी सहित कई राज्य के मुख्यमंत्रियों ने दी बधाई
नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। लघु उद्योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने बधाई दी है।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "समस्त उद्यमियों, कारीगरों, हस्तशिल्पियों एवं सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्यमों से जुड़े सभी कर्मयोगियों को लघु उद्योग दिवस की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। पीएम मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' एवं 'आत्मनिर्भर भारत' के विजन के अनुरूप स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने का अभियान 'नए भारत' की आर्थिक शक्ति को सुदृढ़ कर रहा है। 'नए उत्तर प्रदेश' में एमएसएमई, ओडीओपी और पारंपरिक उद्योगों को प्रोत्साहन देकर रोजगार, स्वावलंबन और समृद्धि के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस पर सभी उद्यमियों, कारीगरों और शिल्पकारों को हार्दिक शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री के 'मेक इन इंडिया' और 'वोकल फॉर लोकल' के संकल्प ने छोटे उद्यमों को नई ऊर्जा, नई पहचान और नए बाजार दिए हैं। दिल्ली सरकार भी आरएएमपी, जीईएम, ओएनडीसी, सिंगल विंडो, सेल्फ-सर्टिफिकेशन, डीमीड-अप्रूवल तथा लाइसेंसिंग और प्रक्रियागत सुधारों जैसे कदमों के माध्यम से एमएसएमई के लिए कारोबार को अधिक सरल, तेज और अवसरपूर्ण बना रही है। हमारा संकल्प है कि दिल्ली का हर छोटा उद्यम आगे बढ़े, नए बाजारों तक पहुंचे, अधिक रोजगार सृजित करे और विकसित भारत की यात्रा में अपनी बड़ी भूमिका निभाए।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस पर हरियाणा एवं देशभर के सभी उद्यमियों को हार्दिक शुभकामनाएं। लघु उद्योग रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और युवाओं में उद्यमशीलता की भावना को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इनका विस्तार आत्मनिर्भर और सशक्त अर्थव्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा, "‘लघु उद्योग दिवस’ के अवसर पर देश और प्रदेश की आर्थिक प्रगति में योगदान देने वाले सभी शिल्पकारों, कारीगरों, उद्यमियों एवं लघु व्यवसायियों को हार्दिक शुभकामनाएं! अपने हुनर, मेहनत और नवाचार से हमारे स्थानीय उत्पादों को पहचान देने वाले ये उद्यमी आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव हैं। आइए, स्थानीय उत्पादों और स्वदेशी उद्यमों को प्रोत्साहन देकर ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को और मजबूत करें।"
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "देश की अर्थव्यवस्था को गति देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने वाले सभी उद्यमियों एवं लघु उद्योगों से जुड़े साथियों को ‘लघु उद्योग दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं। लघु उद्योगों की निरंतर प्रगति से आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के निर्माण को नई दिशा मिलती है।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "नवाचार, उद्यमिता और आत्मनिर्भर भारत की भावना को सशक्त बनाने वाले सभी लघु उद्यमियों एवं श्रमशील उद्यमी साथियों को ‘राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों को नई ऊर्जा और नए अवसर मिल रहे हैं। एमएसएमई क्षेत्र आज रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।"
बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "देश की आर्थिक प्रगति और विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी शिल्पकारों, कारीगरों, उद्यमियों एवं लघु उद्योगों से जुड़े सभी साथियों को ‘राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"
--आईएएनएस
एसडी/एएस
