Aapka Rajasthan

लद्दाख के सात जिलों में स्वायत्त विकास परिषद गठन करने का फैसला सराहनीय : तरुण चुघ

नई दिल्ली, 14 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा सांसद तरुण चुघ ने लद्दाख के सभी सात जिलों में ऑटोनोमस डेवलपमेंट काउंसिल गठित करने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने इसे सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने, प्रशासन को जनता के करीब लाने और क्षेत्र के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
 

नई दिल्ली, 14 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा सांसद तरुण चुघ ने लद्दाख के सभी सात जिलों में ऑटोनोमस डेवलपमेंट काउंसिल गठित करने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने इसे सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने, प्रशासन को जनता के करीब लाने और क्षेत्र के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

सांसद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि लद्दाख के सभी सात जिलों में ऑटोनोमस डेवलपमेंट काउंसिल बनाने का फैसला सराहनीय है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कोटि-कोटि धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने दशकों से दूर-दराज के क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का भगीरथ कार्य किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी और जनता को अधिक प्रतिनिधित्व देने की सोच सरकार की दूरदर्शिता को दर्शाती है। इस पहल से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी और जनता तक शासन की पहुंच मजबूत होगी।

उन्होंने आगे कहा कि इस निर्णय से लद्दाख के विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और जनभागीदारी के नए युग की शुरुआत होगी। केंद्र सरकार का संकल्प है कि देश का कोई भी सीमावर्ती क्षेत्र विकास से वंचित न रहे और यह फैसला उसी संकल्प का प्रमाण है।

वहीं, अंकित शर्मा हत्याकांड में अदालत द्वारा ताहिर हुसैन को दोषी ठहराए जाने के फैसले पर तरुण चुघ ने कहा कि यह न्याय, संविधान और कानून के शासन की जीत है। इस फैसले से स्पष्ट संदेश गया है कि आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के सामने जवाब देना ही पड़ेगा। आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें बताना चाहिए कि तत्कालीन पार्षद ताहिर हुसैन को राजनीतिक संरक्षण क्यों दिया गया? अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की जनता और विशेष रूप से पूरे दिल्लीवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि ताहिर हुसैन ने दिल्ली दंगों के दौरान हिंदुओं को निशाना बनाया और खुफिया ब्यूरो (आईबी) के अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या की। ऐसे व्यक्ति को संरक्षण देने वालों को अपनी भूमिका पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने पीड़ितों के बजाय आरोपियों के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास क्यों किया? उन्होंने सवाल उठाया कि दोष सिद्ध होने के बाद भी कुछ लोग ताहिर हुसैन का बचाव क्यों कर रहे हैं? ऐसा करना न्यायपालिका, न्यायालय और कानून के शासन का अपमान है। दिल्ली दंगों के पीड़ित परिवारों को पूर्ण न्याय दिलाने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम