लाल नहीं, काला टमाटर हैं गुणों से भरपूर, दिल की सेहत का रखेगा खास ख्याल
नई दिल्ली, 25 फरवरी (आईएएनएस)। देश भर में सामान्य रूप से लाल टमाटर को खाया और उगाया जाता है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि लाल टमाटर की तुलना में काले टमाटर ज्यादा फायदेमंद होते हैं।
भारत के कई हिस्सों में काले टमाटर की खेती की जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी खेती सीमित इलाकों में हो रही है और बाजार में आसानी से काले टमाटर उपलब्ध भी नहीं हैं, लेकिन अगर आपके आसपास काले टमाटर मिलते हैं, तो उन्हें अपने आहार में जरूर शामिल करें।
ब्रिटेन में काले टमाटर की उपज होती है, लेकिन अब हमारे देश में किसान उसके फायदों को देखते हुए खेती कर रहे हैं। आमतौर पर लाल टमाटर का स्वाद खट्टा होता, लेकिन काले टमाटर का स्वाद थोड़ा नमकीन और मीठा होता है। उसका कारण है एन्थोसाइनिन और एंटीऑक्सीडेंट का बहुतायत मात्रा में होना। काले टमाटर में एन्थोसाइनिन और एंटीऑक्सीडेंट दोनों ही बहुत ज्यादा होते हैं, और यही कारण है कि इसके सेवन के लाभ भी बहुत ज्यादा हैं।
काले टमाटर में भरपूर एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं। उनके सेवन से ब्लड प्रेशर को नियंत्रित किया जा सकता है, क्योंकि रक्त वाहिकाओं पर पड़ने वाले दबाव को कम करते हैं। इसके साथ ही यह रक्त में शुगर की मात्रा को भी संतुलित रखते हैं। काले टमाटर में ऐसे एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो पैनक्रिया को सही तरीके से काम करने में मदद करते हैं। यही कारण है कि रक्त में ग्लूकोज की मात्रा बढ़ती हो तो पैनक्रिया से बनने वाले हॉर्मोन शरीर को संतुलित करने का काम करते हैं।
यह जानकर सभी को हैरानी होगी कि काला टमाटर दिल की सेहत को स्वस्थ रखता है। काले टमाटर में एंथोसाइनिन होता है, जो दिल पर पड़ रहे तनाव को कम करता है और हार्ट अटैक का खतरा भी कम होता है, इसलिए दिल की सेहत को बरकरार रखने के लिए काले टमाटर का सेवन दवा की तरह काम करेगा। इसके साथ ही काले टमाटर में विटामिन ए और सी होता है, जो आंखों की रोशनी को बढ़ाने और रेटिना को दुरुस्त रखने में मदद करता है।
काला टमाटर वजन को कम करने और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में भी मददगार है। काले टमाटर में एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं।
--आईएएनएस
पीएस/डीकेपी
