ला लीगा: टेंडन की चोट के कारण एस्पनयोल के किके गार्सिया शुरुआती राउंड से बाहर
मैड्रिड, 5 अगस्त (आईएएनएस)। नए ला लीगा सीजन के लिए एस्पनयोल की तैयारियों को बड़ा झटका लगा है। अनुभवी स्ट्राइकर किके गार्सिया टेंडन की चोट के कारण सीजन के शुरुआती हफ्तों में नहीं खेल पाएंगे; उन्हें सर्जरी की जरूरत होगी।
36 वर्षीय फॉरवर्ड शनिवार को इंग्लिश चैंपियनशिप टीम मिडिल्सब्रा के खिलाफ एस्पनयोल के प्री-सीजन फ्रेंडली मैच के दौरान चोटिल हुए थे। इंग्लिश क्लब के लिए खेल चुके गार्सिया को सिर्फ 18 मिनट में ही मैदान छोड़ना पड़ा और उनके स्थान पर सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी उतारा गया।
जब टीम बार्सिलोना लौटी, तो मेडिकल जांच में गार्सिया के दाहिने पैर में टेंडन डैमेज की पुष्टि हुई। इस चोट ने नए सीजन से पहले कोच मनोलो गोंजालेज को बड़ा झटका दिया है। बुधवार को गार्सिया की सर्जरी होगी, जिसकी पुष्टि 'एस्पनयोल' ने की है। हालांकि, क्लब ने उनके ठीक होने के लिए कोई आधिकारिक समय-सीमा नहीं बताई है, लेकिन स्पेनिश मीडिया की रिपोर्ट्स से संकेत मिलता है कि अनुभवी स्ट्राइकर के कम से कम दो महीने तक बाहर रहने की उम्मीद है, जिससे वे ला लीगा सीजन के शुरुआती चरण से बाहर हो जाएंगे।
गार्सिया पिछले सीजन में एस्पनयोल के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक थे, जिन्होंने आठ लीग गोल करते हुए अहम भूमिका निभाई। गार्सिया का अनुभव एक मुश्किल सीजन के दौरान बहुत काम आया, जिसमें बार्सिलोना स्थित क्लब ने टॉप-फ्लाइट स्टेटस बनाए रखने के लिए संघर्ष किया।
एस्पनयोल ने एक उतार-चढ़ाव भरा सीजन देखा है। सीजन के पहले हाफ में यह टीम काफी समय तक यूरोपियन क्वालिफिकेशन स्पॉट की दौड़ में बनी रही, लेकिन फिर लगातार 18 मुकाबलों में जीत न मिलने के कारण टीम को रेलीगेशन में उलझना पड़ा।
अब एस्पनयोल 16 अगस्त को नए प्रमोट हुए लेवांते के खिलाफ घरेलू मैदान पर अपने 2026-27 ला लीगा सीजन की शुरुआत करेगा। गार्सिया की गैर-मौजूदगी से अटैक में क्लब के पास अनुभव की कमी हो गई है। आलम ये है कि कोचिंग स्टाफ को अब दूसरे विकल्पों पर विचार करना पड़ रहा है, क्योंकि वे सीजन के शुरुआती मुकाबलों की तैयारी कर रहे हैं और साथ ही सर्जरी के बाद अनुभवी खिलाड़ी के जल्द फिट होने की उम्मीद कर रहे हैं।
--आईएएनएस
आरएसजी
