एलए 2028 ओलंपिक के लिए वर्ल्ड एथलेटिक्स ने घोषित की दोहरी क्वालिफिकेशन प्रणाली
नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। वर्ल्ड एथलेटिक्स ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के एथलेटिक्स इवेंट्स के लिए क्वालिफिकेशन सिस्टम जारी कर दिए हैं। इसमें इस वैश्विक खेल आयोजन में हिस्सा लेने वाले एथलीट्स के लिए एंट्री स्टैंडर्ड, क्वालिफिकेशन की अवधि और कोटा स्थानों (सीटों) का विवरण दिया गया है।
एलए28 ओलंपिक में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं 15 से 30 जुलाई 2028 तक आयोजित की जाएंगी। वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल की तरफ से मंजूर किए गए इस क्वालिफिकेशन ढांचे में दो-तरफा सिस्टम अपनाया जाएगा। इसमें उपलब्ध स्थानों में से 40 प्रतिशत सीटें एंट्री स्टैंडर्ड के जरिए भरी जाएंगी, जबकि शेष 60 प्रतिशत सीटें वर्ल्ड रैंकिंग के आधार पर भरी जाएंगी।
एथलेटिक्स कार्यक्रम में कुल 48 इवेंट्स होंगे, जिनमें पुरुषों के 23 और महिलाओं के 23 इवेंट्स के साथ-साथ दो मिक्स्ड इवेंट्स शामिल हैं। ओलंपिक गेम्स में मिक्स्ड 4x100 मीटर रिले की शुरुआत होगी, जो पहले से मौजूद मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले के साथ जुड़ जाएगी।
वर्ल्ड एथलेटिक्स ने स्पष्ट किया है कि एंट्री स्टैंडर्ड हासिल कर लेने से ही ओलंपिक में जगह मिलना सुनिश्चित नहीं हो जाता। अगर किसी इवेंट में जरूरी मानक पूरा करने वाले एथलीट्स की संख्या उपलब्ध कोटे से ज्यादा हो जाती है, तो केवल उन्हीं एथलीट्स को जगह मिलेगी जिनका प्रदर्शन क्वालिफिकेशन अवधि के दौरान सबसे अच्छा रहा हो। ऐसे मामलों में, वर्ल्ड रैंकिंग के जरिए कोई अतिरिक्त एथलीट क्वालीफाई नहीं कर पाएगा।
अलग-अलग इवेंट्स के लिए क्वालिफिकेशन की समय-सीमा (विंडो) भी अलग-अलग होगी। मैराथन के लिए यह अवधि 1 नवंबर, 2026 से 30 अप्रैल, 2028 तक होगी। 10,000 मीटर, कंबाइंड इवेंट्स, रेस वॉक और रिले के लिए क्वालिफिकेशन विंडो 19 दिसंबर, 2026 से 18 जून, 2028 तक रहेगी। बाकी सभी ट्रैक और फील्ड इवेंट्स के लिए यह अवधि 19 जून, 2027 से शुरू होकर 18 जून, 2028 को समाप्त होगी।
एंट्री स्टैंडर्ड के तहत, पुरुषों की 100 मीटर दौड़ के लिए 9.93 सेकंड और महिलाओं की 100 मीटर दौड़ के लिए 10.96 सेकंड का समय तय किया गया है। पुरुषों और महिलाओं की 200 मीटर दौड़ के लिए क्वालीफाइंग समय क्रमशः 19.95 और 22.25 सेकंड तय किया गया है। पुरुषों की मैराथन के लिए यह मानक 2:05:00 है, जबकि महिलाओं को 2:22:20 का समय हासिल करना होगा।
रोड रेस और रिले इवेंट्स के लिए भी विशेष क्वालीफिकेशन नियम लागू किए गए हैं। 19 मार्च, 2028 तक मैराथन क्वालीफिकेशन सूची में शीर्ष 56 एथलीट्स को क्वालीफाई माना जाएगा। इसके अलावा, 9 अप्रैल 2028 को चीन में होने वाली 'वर्ल्ड एथलेटिक्स रेस वॉकिंग टीम चैंपियनशिप' में हाफ मैराथन और रेस वॉकिंग इवेंट्स में शीर्ष 12 स्थान पर रहने वाले एथलीटों को भी स्वतः क्वालीफिकेशन मिल जाएगा।
रिले इवेंट्स में, 22 और 23 अप्रैल 2028 को बहामास में होने वाली 'वर्ल्ड एथलेटिक्स रिले' में शीर्ष 14 राष्ट्रीय ओलंपिक समितियां ओलंपिक के लिए अपनी जगह पक्की करेंगी। टीमों को 'वर्ल्ड रिले' में क्वालीफाई करने के दो मौके मिलेंगे – अगर वे पहले दिन सफल नहीं होती हैं, तो उन्हें प्रतियोगिता के दूसरे दिन एक और मौका दिया जाएगा।
--आईएएनएस
आरएसजी
